• July 5, 2026

2–3 महीने में पेट्रोल-डीजल सस्ता हो सकता है, E20 पर अफवाहों से बचें: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

जोधपुर: केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संकेत दिए हैं कि यदि वैश्विक परिस्थितियां अनुकूल बनी रहीं, तो अगले दो से तीन महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिल सकती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में ईंधन की कीमतों में सीमित वृद्धि हुई है। शनिवार (4 जुलाई) को जोधपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में रिफाइनरियां जिस कच्चे तेल का उपयोग कर रही हैं, उसकी खरीद लगभग दो महीने पहले की गई थी। ऐसे में यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात स्थिर बने रहते हैं, तो आने वाले महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी संभव है।

एलपीजी आपूर्ति पर भी दिया भरोसा

एलपीजी की उपलब्धता को लेकर हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि हाल के महीनों में अमेरिका-ईरान तनाव और हार्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी परिस्थितियों का असर दुनिया के कई देशों पर पड़ा। इसके बावजूद भारत में कहीं भी पेट्रोल पंपों पर ईंधन संकट या शटडाउन जैसी स्थिति नहीं बनी। उन्होंने बताया कि सरकार ने निजी रिफाइनरियों में एलपीजी उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया, जिससे उत्पादन 35 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन से बढ़कर 55 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन तक पहुंच गया।

E20 पर अफवाहों से बचने की अपील

पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल ब्लेंडिंग (E20) को लेकर उठ रहे सवालों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस विषय पर कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार रचनात्मक आलोचना का स्वागत करती है, लेकिन अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने बताया कि एथेनॉल के उपयोग की अवधारणा नई नहीं है और इस पर पिछले कई दशकों से काम हो रहा है। उनके अनुसार, भारत में एथेनॉल ब्लेंडिंग की योजना कांग्रेस सरकार के दौरान वर्ष 2006 से 2008 के बीच तैयार की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनियां भी E20 ईंधन को सुरक्षित मान चुकी हैं।

पचपदरा रिफाइनरी जल्द पूरी क्षमता से करेगी काम

हरदीप सिंह पुरी ने राजस्थान के पचपदरा रिफाइनरी प्रोजेक्ट को देश की सबसे आधुनिक तकनीक पर आधारित रिफाइनरियों में से एक बताया। उन्होंने दावा किया कि अगले तीन से चार महीनों के भीतर यह रिफाइनरी 100 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालन शुरू कर देगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना तकनीकी दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण रही, क्योंकि लगभग 490 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिए यहां कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

कांग्रेस सरकार पर लगाए आरोप

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान पचपदरा रिफाइनरी परियोजना की गति धीमी रही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद परियोजना में तेजी आई और अब इसका शुभारंभ हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पेट्रोलियम क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार, ऐसे समय में जब दुनिया के कई देशों में नई रिफाइनरियां नहीं बन रहीं, भारत में नई रिफाइनरी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *