झटपट आलू-सूजी मेदू वड़ा रेसिपी: 2 आलू और 1 कप सूजी से बनाएं क्रिस्पी वड़ा, बच्चों के लिए परफेक्ट नाश्ता
सुबह के नाश्ते या बच्चों के टिफिन के लिए अक्सर यह सवाल रहता है कि क्या जल्दी, स्वादिष्ट और हेल्दी बनाया जाए। अगर आप रोज़-रोज़ पोहा, पराठा या उपमा से बोर हो चुके हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके काम आ सकती है। मशहूर यूट्यूब शेफ भरत (@Bharatzkitchen) की इस रेसिपी के जरिए आप सिर्फ 2 कच्चे आलू और 1 कप सूजी से घर पर ही बाजार जैसा क्रिस्पी और टेस्टी मेदू वड़ा बना सकते हैं। इसकी खास बात यह है कि इसमें दाल भिगोने या ज्यादा तैयारी की जरूरत नहीं होती।
कैसे बनाएं आलू-सूजी मेदू वड़ा
सबसे पहले 2 कच्चे आलू छीलकर कद्दूकस कर लें और उन्हें अच्छी तरह धो लें ताकि अतिरिक्त स्टार्च निकल जाए। इससे वड़े चिपचिपे नहीं बनेंगे। अब एक पैन में तेल गर्म करें और उसमें हींग, जीरा, राई और काली मिर्च डालकर भूनें। इसके बाद अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता और हरा धनिया डालें। फिर पानी और नमक मिलाकर उबाल आने दें। उबाल आने के बाद इसमें कद्दूकस किए हुए आलू डालें और फिर धीरे-धीरे सूजी मिलाते हुए लगातार चलाते रहें। मिश्रण गाढ़ा होकर आटे जैसा बन जाएगा। इसे हल्का ठंडा करके अच्छे से मैश करें ताकि कोई गांठ न रहे। इसके बाद हाथ में हल्का तेल लगाकर मिश्रण से छोटे-छोटे गोले बनाएं, उन्हें चपटा करें और बीच में छेद करें। इन्हें तेज आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।
चटनी बनाने की विधि
चटनी के लिए प्याज, लहसुन और सूखी लाल मिर्च को तेल में हल्का भूनकर पीस लें। इसमें नमक और इमली मिलाकर स्मूद पेस्ट बनाएं। फिर तिल के तेल में राई, जीरा, उड़द दाल, करी पत्ता और हींग का तड़का लगाकर चटनी को हल्का पका लें। यह आलू-सूजी मेदू वड़ा न सिर्फ झटपट बनने वाला स्नैक है, बल्कि बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आने वाला क्रिस्पी और टेस्टी नाश्ता भी है, जिसे आप चाय के साथ या टिफिन में आसानी से शामिल कर सकते हैं।