सलमान खान की ‘मातृभूमि’ की रिलीज पर फिलहाल रोक, CBFC से मंजूरी का इंतजार
- bollywood BREAKING NEWS ENTERTAINMENT NEWS TRENDING
Madhulika- July 3, 2026
- 0
- 5
- 4 minutes read
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ की रिलीज फिलहाल टल गई है। जानकारी के मुताबिक, फिल्म को अभी तक सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से मंजूरी नहीं मिली है, जिसके चलते इसकी रिलीज अनिश्चितकाल के लिए रोक दी गई है। सूत्रों के अनुसार, फिल्म पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ शीर्षक से बनाई जा रही थी, लेकिन बाद में इसका नाम बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया। निर्माताओं ने फिल्म में यह डिस्क्लेमर भी जोड़ा कि इसकी कहानी काल्पनिक है, लेकिन इसके बावजूद सेंसर बोर्ड ने अभी तक इसे हरी झंडी नहीं दी है।
रिलीज पर क्यों लगा ब्रेक?
बताया जा रहा है कि फिल्म को CBFC की मंजूरी मिलने तक रिलीज नहीं किया जाएगा। सेंसर बोर्ड की आपत्तियों और अन्य प्रक्रियाओं के चलते फिल्म की रिलीज फिलहाल अटकी हुई है। इससे पहले भी रक्षा मंत्रालय की कुछ आपत्तियों और रीशूट के कारण फिल्म की रिलीज में देरी हो चुकी है।
गलवान घाटी की घटनाओं से प्रेरित है कहानी
‘मातृभूमि’ की कहानी वर्ष 2020 में भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुए सैन्य संघर्ष से प्रेरित बताई जा रही है। इसे एक ऐतिहासिक वॉर ड्रामा के रूप में तैयार किया गया है, हालांकि निर्माताओं ने इसे काल्पनिक कहानी बताया है। फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जिन्होंने गलवान घाटी में 16 बिहार रेजिमेंट का नेतृत्व किया था। अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं, जबकि अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।
रिलीज डेट पर संशय
फिल्म को पहले 17 अप्रैल 2026 को रिलीज किया जाना था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसकी रिलीज टाल दी गई। बाद में इसे 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की चर्चा थी। हालांकि, CBFC से मंजूरी नहीं मिलने के कारण फिलहाल नई रिलीज डेट पर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।