मुंबई में स्कूल बस पर गिरा पेड़, 11 वर्षीय छात्र की मौत; कई बच्चे घायल

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। तिलकनगर स्थित यूनिवर्सल स्कूल की एक बस पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया। हादसे के समय बस में 12 स्कूली बच्चे सवार थे। दुर्घटना में 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 2:50 बजे उस समय हुआ जब स्कूल बस चेंबूर के 11 नंबर रोड से गुजर रही थी। अचानक एक बड़ा पेड़ बस पर गिर पड़ा, जिससे बस में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद बस चालक, कंडक्टर और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन विहान श्रीवास्तव पेड़ की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में कुल 10 बच्चे घायल हुए। इनमें से पांच छात्रों को गंभीर चोटों के कारण जेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चार बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। अन्य घायल बच्चों का भी उपचार जारी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चेंबूर क्षेत्र में पेड़ों की छंटाई और जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग को लेकर कई बार बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को पत्र लिखे गए थे। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इससे पहले भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों के साथ-साथ पेड़ों के रखरखाव में कथित लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *