• June 25, 2026

राजकुमार राव की फिल्म ‘प्रहार’ का टीजर रिलीज, 26/11 मुंबई हमले और उज्ज्वल निकम की कानूनी लड़ाई की झलक

मुंबई: अभिनेता राजकुमार राव की आगामी फिल्म ‘प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद चली कानूनी कार्यवाही और आरोपी अजमल कसाब के मुकदमे की झलक देखने को मिलती है।फिल्म में राजकुमार राव वरिष्ठ सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने देश के कई चर्चित मामलों में सरकार की ओर से पैरवी की है। यह फिल्म उनके पेशेवर जीवन और खासकर 26/11 हमले के बाद हुए ट्रायल पर केंद्रित बताई जा रही है। टीजर की शुरुआत राजकुमार राव की आवाज और कोर्ट से जुड़े दृश्यों से होती है, जहां वह कोट पहनते नजर आते हैं। टीजर में एक डायलॉग सुनाई देता है जिसमें सवाल उठाया जाता है कि जब सब कुछ स्पष्ट था तो कसाब को सजा देने में इतना समय क्यों लगा। इसके बाद 26/11 हमले, फायरिंग और अदालत की कार्यवाही से जुड़े दृश्य दिखाए जाते हैं। हालांकि मेकर्स ने कहानी के कई अहम हिस्सों को फिलहाल गोपनीय रखा है, लेकिन टीजर से यह संकेत मिलता है कि फिल्म का मुख्य फोकस अजमल कसाब के खिलाफ चली लंबी कानूनी प्रक्रिया और न्याय व्यवस्था की चुनौतियों पर होगा।राजकुमार राव के लुक और अभिनय की झलक ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने उज्ज्वल निकम के किरदार में खुद को ढालने के लिए विशेष मेहनत की है, जो उनके हावभाव और संवाद अदायगी में साफ नजर आती है। फिल्म का निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है। इसमें वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और तरुण शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसका निर्माण दिनेश विजान और उनकी टीम ने किया है। ‘प्रहार- द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *