• June 14, 2026

पीएम मोदी के नेतृत्व में 12 साल: सीएम योगी ने गिनाईं विकास, कल्याण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की उपलब्धियां

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि 2014 के बाद देश ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय आत्मविश्वास का नया दौर देखा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब किसी देश को लोकप्रिय और दूरदर्शी नेतृत्व मिलता है तो सकारात्मक परिणाम सामने आने में अधिक समय नहीं लगता। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता और सामर्थ्य का परिचय दिया है, जिस पर आज की युवा पीढ़ी गर्व कर सकती है। उन्होंने कहा कि देश ने पहली बार योजनाओं के निर्माण के साथ-साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन को जनआंदोलन का स्वरूप लेते देखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 से पहले देशवासियों की स्वतंत्रता को कुचला गया था, जबकि आजादी के बाद नागरिकों को मत, मजहब और संप्रदाय के आधार पर बांटने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है। सीएम योगी ने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों ने गरीबों, युवाओं और उद्यमियों को नई ताकत दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के चार प्रमुख वर्गों—गरीब, महिलाएं, युवा और किसानों—को विकास की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जिसका सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है। उत्तर प्रदेश के विकास का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कभी अराजकता, असुरक्षा और भ्रष्टाचार के लिए चर्चित रहने वाला प्रदेश आज निवेश, रोजगार और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन का लाभ प्रदेश को व्यापक रूप से मिला है। मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि पहले कुछ लोग भगवान राम, भगवान श्रीकृष्ण और भारतीय आस्था के प्रतीकों का नाम लेने से भी परहेज करते थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक विरासत को सम्मान दिलाने का काम किया है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि लगभग 500 वर्षों से लंबित मुद्दे का समाधान हुआ और भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर के शिलान्यास से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक के सभी महत्वपूर्ण अवसरों में शामिल रहे हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *