लखनऊ में कॉकरोच जनता पार्टी को धरना-प्रदर्शन की अनुमति, संस्थापक अभिजीत दीपके पहुंचे राजधानी
लखनऊ: कॉकरोच जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में धरना-प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके शुक्रवार सुबह 2:40 पर पुणे से लखनऊ पहुंचे। प्रशासन की ओर से आलमबाग क्षेत्र स्थित एक निजी गार्डन में प्रदर्शन की अनुमति दिए जाने के बाद कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके शुक्रवार रात इंडिगो की फ्लाइट से पुणे से रवाना हुए और शनिवार तड़के करीब 2:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से निकलने के बाद वह सरोजिनी नगर क्षेत्र के एक होटल में ठहरे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह आलमबाग स्थित निर्धारित स्थल पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं।
इस कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। स्थानीय पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और प्रदर्शन स्थल के आसपास अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले खबरें सामने आई थीं कि लखनऊ पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस पर अभिजीत दीपके ने कहा था कि वह स्वयं अधिकारियों से मुलाकात कर अनुमति की मांग करेंगे। उनका दावा था कि दिल्ली और पुणे में आयोजित उनके संगठन के सभी प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहे हैं।
अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में 12 जून से 18 जून तक रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की थी। उन्होंने समर्थकों और छात्रों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की थी।
वीडियो में दीपके ने कहा था कि वह नीट पेपर लीक समेत विभिन्न छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाने के लिए लखनऊ आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है और उनका संगठन ऐसे मामलों को लेकर विरोध दर्ज कराएगा।
फिलहाल प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी का प्रस्तावित प्रदर्शन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होने की संभावना है।