मऊ में सीएम योगी का माफियाओं पर बड़ा हमला, बोले- ‘धार्मिक आयोजन में बाधा डाली तो रावण-कंस जैसी दुर्गति होगी’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मऊ दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने माफियाओं और गुंडाराज पर तीखा हमला बोला। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने मऊ दंगों का जिक्र किया और कहा कि अब प्रदेश में कोई माफिया किसी धार्मिक आयोजन में बाधा डालने या लोगों को डराने की हिम्मत नहीं कर सकता।
‘21 साल पहले मऊ को जलाने की कोशिश हुई थी’
सीएम योगी ने अपने संबोधन में वर्ष 2005 के मऊ दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि 21 साल पहले मऊ को अशांति की आग में झोंकने की कोशिश की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय सत्ता से जुड़े माफियाओं ने रामलीला जैसे धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा किया था।
उन्होंने कहा, “एक समय ऐसा था जब रामलीला, रामनवमी, जन्माष्टमी और धार्मिक आयोजनों को प्रभावित करने की कोशिश होती थी। यहां अराजकता का माहौल था, सुरक्षा खतरे में थी और गरीबों तक सरकारी सुविधाएं भी नहीं पहुंच पाती थीं।”
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले माफिया और गुंडों के सामने सरकारें नतमस्तक रहती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों का राशन तक बीच में ही हड़प लिया जाता था और आम जनता सिर्फ देखती रह जाती थी।
सीएम योगी ने कहा, “पहले सरकारें माफियाओं से डरती थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।”
‘धार्मिक आयोजन में बाधा डाली तो रावण-कंस जैसी दुर्गति होगी’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि अब प्रदेश में कोई भी माफिया या गुंडा किसी पर्व-त्योहार या धार्मिक आयोजन में व्यवधान पैदा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा, “अगर किसी ने रामलीला, यज्ञ-कथा, रामनवमी, शिवरात्रि, जन्माष्टमी या किसी भी धार्मिक आयोजन में बाधा डालने की कोशिश की, तो पर्व तो जरूर मनाया जाएगा, लेकिन उसके बाद उसकी दुर्गति रावण और कंस जैसी होगी।”
‘अब कोई माफिया हिंदुओं को धमका नहीं सकता’
सीएम योगी ने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अब कोई माफिया खुलेआम पिस्तौल लहराकर या जीप में घूमकर किसी हिंदू को धमका नहीं सकता।
उन्होंने कहा, “अगर किसी ने बेटियों या व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की, तो उसका इंतजार यमराज करेंगे। प्रदेश में बिना रुके और बिना डरे अपराध के खिलाफ अभियान जारी है।”