• May 15, 2026

NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई तेज, धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर हुई हाई लेवल मीटिंग

NEET-UG पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। एक ओर सीबीआई और स्थानीय पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं, वहीं दूसरी ओर दोबारा परीक्षा के आयोजन को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार देर शाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर एक हाई लेवल मीटिंग आयोजित की गई।

बैठक में शामिल हुए कई वरिष्ठ अधिकारी

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में NEET (UG) री-एग्जाम की तैयारियों, परीक्षा प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

इस हाई लेवल मीटिंग में सचिव (उच्च शिक्षा) विनीत जोशी, सचिव (विद्यालय शिक्षा) संजय कुमार, NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह, CBSE अध्यक्ष, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) के आयुक्तों समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

परीक्षा और सुरक्षा व्यवस्था पर बनी रणनीति

3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दी गई थी। इसके बाद सरकार पर परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने का दबाव बढ़ गया है।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर हुई इस अहम बैठक में परीक्षा केंद्रों की निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अभ्यर्थियों की सुविधा और दोबारा परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर आगे की रणनीति तैयार की गई।

5 आरोपी CBI की 7 दिन की हिरासत में

इसी बीच दिल्ली की एक अदालत ने NEET-UG प्रश्नपत्र लीक मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को सात दिन की CBI हिरासत में भेज दिया है।

सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने एजेंसी की उस याचिका को मंजूरी दी, जिसमें आरोपियों से पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में यश यादव, मांगीलाल खटीक, विकास बिवाल, दिनेश बिवाल और शुभम मधुकर खैरनार शामिल हैं।

अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि शुरुआती आरोप इस ओर संकेत करते हैं कि परीक्षा के गोपनीय प्रश्नपत्रों को लीक करने और आर्थिक लाभ के लिए प्रसारित करने में एक “संगठित गिरोह” सक्रिय था।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *