कर्नाटक में सीएम बदलाव पर विराम: मल्लिकार्जुन खरगे बोले—फिलहाल कोई परिवर्तन नहीं
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि फिलहाल राज्य में नेतृत्व परिवर्तन नहीं होगा और वर्तमान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ही अपने पद पर बने रहेंगे।
गुरुवार को मीडिया से बातचीत में खरगे ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच कथित खींचतान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को जल्द सुलझा लेगी। हाल के दिनों में शिवकुमार के समर्थकों द्वारा 15 मई को उनके जन्मदिन के मौके पर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग ने इन चर्चाओं को और हवा दी है।
हालांकि, डीके शिवकुमार ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर किसी तरह का मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर खरगे ने जो कहा है, उसी पर भरोसा किया जाना चाहिए।
इस बीच, कर्नाटक के कलबुर्गी में मीडिया से बात करते हुए खरगे ने गृह मंत्री जी परमेश्वर के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने संभावित बदलाव की स्थिति में किसी दलित नेता को मुख्यमंत्री बनाने की वकालत की थी। परमेश्वर ने यह भी कहा था कि यदि खरगे स्वयं मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन्हें खुशी होगी।
इस पर खरगे ने कहा कि उनके भविष्य से जुड़े फैसले सोनिया गांधी ही तय करती हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस तरह का कोई सवाल नहीं उठता क्योंकि राज्य में पहले से ही एक मुख्यमंत्री कार्यरत हैं।
खरगे ने यह भी संकेत दिया कि यदि भविष्य में किसी बदलाव पर विचार किया जाता है, तो वह राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ मिलकर ही लिया जाएगा। फिलहाल उन्होंने इस पूरे मामले पर “थोड़ा इंतजार करने” की बात कही है।
वहीं, डीके शिवकुमार ने हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान हाईकमान से हुई चर्चाओं पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा था कि सही समय आने पर सभी को जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने दोहराया कि पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है और सभी फैसले सामूहिक रूप से लिए जाएंगे।