अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान: 2027 में सरकार बनने पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं को सालाना ₹40,000 पेंशन
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को सालाना ₹40,000 की पेंशन देने की भी घोषणा की गई है।
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में बुंदेलखंड समेत विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने दावा किया कि सपा का लक्ष्य है कि बीजेपी राज्य में एक भी सीट न जीत सके।
स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली बिलों में बढ़ोतरी और उपभोक्ताओं की परेशानियों के पीछे भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि जनता को बेवजह बढ़े हुए बिलों का सामना करना पड़ रहा है और स्मार्ट मीटर के नाम पर कथित अनियमितताएं हो रही हैं।
अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि बिजली कंपनियों को दिए गए ठेकों में कमीशनखोरी हो रही है, जिसका बोझ सीधे जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब इस स्थिति को समझ चुकी है और इसका जवाब आने वाले चुनावों में देगी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी जनता के गुस्से से बच नहीं पाएगी और महंगे बिजली बिल व महंगाई उसके खिलाफ माहौल बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति खराब है और खाद की कमी से किसान परेशान हैं।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव में सरकार बनाएगी और पार्टी की प्राथमिकता सामाजिक न्याय और सभी वर्गों को बराबर अवसर देना है। उन्होंने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के माध्यम से सभी वर्गों को एक मंच पर लाने की बात दोहराई।