केदारनाथ धाम में मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध, मंदिर परिसर में फोटो-वीडियो पर सख्ती
उत्तराखंड स्थित पवित्र केदारनाथ धाम में मंदिर समिति ने बड़ा और सख्त फैसला लेते हुए मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। यह निर्णय मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती ने जानकारी देते हुए बताया कि अब कोई भी श्रद्धालु मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन लेकर प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही परिसर में फोटो खींचने, वीडियो बनाने और सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दंड का प्रावधान रखा गया है।
मंदिर प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इन नियमों का पालन करें और धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि यह कदम हाल के समय में बढ़ती भीड़ और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को देखते हुए उठाया गया है, ताकि भक्त शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर सकें।
यह फैसला केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने से ठीक एक दिन पहले लिया गया है। मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
परंपरा के अनुसार, गौरीकुंड से डोली केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो चुकी है और जब यह डोली मंदिर पहुंचेगी, तभी कपाट खोले जाएंगे।
बता दें कि शीतकाल के दौरान लगभग छह महीने तक बंद रहने के बाद यह मंदिर हर वर्ष वृष लग्न में खोला जाता है। इस बार बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को पहले ही खोले जा चुके हैं।