मृणाल ठाकुर ने खोला राज: आउटसाइडर होने के बावजूद काम मांगने की हिम्मत से मिली सफलता, अब आदित्य धर के साथ काम करना चाहती हैं
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने अपने 15 साल के करियर के संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की है। टीवी से शुरूआत करने वाली मृणाल अब बड़े पर्दे पर कई सुपरस्टार्स के साथ काम कर चुकी हैं, लेकिन उनका कहना है कि यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा। आउटसाइडर होने के कारण शुरुआती सालों में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने समय के साथ अपनी झिझक दूर की और खुद आगे बढ़कर काम मांगना सीखा।
इन दिनों मृणाल अपनी अपकमिंग फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उनके साथ सिद्धांत चतुर्वेदी लीड रोल में हैं। फिल्म संजय लीला भंसाली द्वारा निर्मित है और रवि उदयावर द्वारा निर्देशित है।
रवि उदयावर से खुद मांगा था काममृणाल ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने रवि उदयावर से सीधे संपर्क करके काम मांगा था। उन्होंने कहा, “मैंने संजय लीला भंसाली सर से भी कहा था कि मैं उनके साथ काम करना चाहती हूं। मैंने अपनी पिच रखी और पूछा, ‘सर, तो हम साथ में फिल्म कब कर रहे हैं?’ मैं काम के मामले में खुलकर बोलती हूं। इसी हिम्मत की वजह से मुझे रवि सर के साथ ‘दो दीवाने शहर में’ मिली। मुझे विश्वास है कि आज मैं यहां तक पहुंची हूं क्योंकि मुझमें काम मांगने की हिम्मत थी।”
आदित्य धर की ‘धुरंधर’ से प्रभावित, अब उनके साथ काम करना चाहती हैं
मृणाल ने बताया कि उनके पसंदीदा निर्देशकों की लिस्ट में अब आदित्य धर का नाम भी जुड़ गया है। आदित्य धर की हालिया फिल्म ‘धुरंधर’ ने उन्हें बहुत प्रभावित किया है। मृणाल ने कहा, “आदित्य धर पहले ऐसे निर्देशक थे, जिन्हें मैंने अप्रोच किया और काम मांगा था। ‘धुरंधर’ देखने के बाद जब मैंने उनसे बात की, तो मैंने कहा कि मुझे वह दिन हमेशा याद रहेगा। उस समय मुझे काम मांगना नहीं आता था, बात करना नहीं आता था। लेकिन अब मैं उन्हें जरूर बताऊंगी कि मैं उनके साथ काम करना चाहती हूं।”
मौके खुद बनाए, पीछे नहीं हटीं
मृणाल ने खुलासा किया कि इंडस्ट्री में मौके उन्हें आसानी से नहीं मिले। उन्होंने कहा, “मैंने खुद मौके बनाए। मैं लोगों के पीछे भागी, यह सुनिश्चित किया कि निर्देशकों के सामने अपना चेहरा दिखा सकूं और कह सकूं- ‘सर, मैं हूं, कृपया मुझे अपनी फिल्म में कास्ट कर लीजिए।’ मैं काम मांगने से कभी पीछे नहीं हटी।”इंस्टाग्राम पर मैसेज कर देती हूं अगर नंबर नहीं मिलताअभिनेत्री ने आगे बताया, “अगर मैं किसी के काम की फैन हूं, तो उसे बताने से नहीं हिचकिचाती। या तो किसी तरह से उनका नंबर ढूंढ लेती हूं या फिर इंस्टाग्राम पर मैसेज कर देती हूं। एक कलाकार के रूप में हम अपने काम की तारीफ चाहते हैं और ऐसे टैलेंटेड लोगों के साथ काम करना चाहते हैं जो कुछ नया और हटकर कर सकें। जब उन्हें पता चलता है कि आप उनकी फिल्म में सच्चे मन से काम करना चाहते हैं, तो उनका नजरिया भी बदल जाता है।”
मृणाल ठाकुर का यह खुलासा उन सभी आउटसाइडर एक्टर्स के लिए प्रेरणा है जो इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी हिम्मत और मेहनत आज उन्हें बॉलीवुड में एक मजबूत पहचान दिला रही है।