नई दिल्ली: पाकिस्तान ने लिया बड़ा फैसला, T20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को खेलेगा मैच; पीडीपी विधायक आगा सैयद मुंतज़िर मेहदी ने कहा- स्पोर्ट्स को राजनीति से अलग रखें
नई दिल्ली, 10 फरवरी 2026: आईसीसी पुरुष T20 विश्व कप 2026 में भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला अब तय हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने अपने राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 15 फरवरी को कोलंबो (श्रीलंका) में भारत के खिलाफ निर्धारित मैच खेलने का निर्देश दे दिया है। यह फैसला पाकिस्तान के पहले के बॉयकॉट घोषणा से यूटर्न के बाद आया है, जिसने क्रिकेट जगत में काफी चर्चा बटोरी थी।
मैच R. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार) से खेला जाएगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को ICC, BCB (बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड) के साथ हुई उच्च स्तरीय वार्ताओं की जानकारी दी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। पाकिस्तान ने पहले बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाते हुए (जो सुरक्षा चिंताओं के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गया था) भारत के खिलाफ न खेलने का ऐलान किया था, लेकिन बहुपक्षीय चर्चाओं और मित्र देशों के अनुरोध के बाद सरकार ने अपना रुख बदल दिया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से फोन पर बात की, जिसमें कठिन समय में समर्थन और मुद्दे के समाधान पर चर्चा हुई। पाकिस्तान सरकार के बयान में कहा गया, “बहुपक्षीय चर्चाओं के परिणामों और मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए, पाकिस्तान सरकार अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को 15 फरवरी 2026 को आईसीसी पुरुष T20 विश्व कप के निर्धारित मैच में मैदान में उतरने का निर्देश देती है। यह फैसला क्रिकेट की भावना को बनाए रखने और वैश्विक खेल की निरंतरता के लिए लिया गया है।”इस बीच, जम्मू-कश्मीर की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक आगा सैयद मुंतज़िर मेहदी ने इस फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “यह एक अच्छा कदम है। भारत और पाकिस्तान अलग-थलग नहीं रह सकते। सबकॉन्टिनेंट में शांति और खुशहाली के लिए दोनों देशों को एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना होगा। स्पोर्ट्स को पॉलिटिक्स के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।”यह मैच T20 विश्व कप का 27वां ग्रुप A मैच है, जो दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण है। ICC ने भी पुष्टि की है कि मैच निर्धारित समय पर होगा, और इससे ICC को करीब 174 मिलियन डॉलर का राजस्व नुकसान होने से बच गया। क्रिकेट प्रेमी अब इस महामुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जहां दोनों टीमों के बीच ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता एक बार फिर मैदान पर देखने को मिलेगी।