ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

‘भाषा विवि में भव्य जॉब फेयर का सफल आयोजन, 425 विद्यार्थियों को मिला रोजगार’

लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के परिसर में एक दिवसीय जॉब फेयर का भव्य और सफल आयोजन किया गया। इस रोजगार मेले का आयोजन उत्तर प्रदेश सेवायोजन विभाग के सहयोग से किया गया, जिसमें टाटा मोटर्स, फ्लिपकार्ट, एचसीएल, आईसीआईसीआई बैंक सहित कई नामी निजी कंपनियों ने सहभागिता की।

जॉब फेयर में प्रोमोटर, असिस्टेंट मैनेजर, एटीएम ऑफिसर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, डेटा एनालिस्ट और तकनीकी सहायक जैसे विभिन्न पदों के लिए कुल 1227 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया। चयन प्रक्रिया के बाद 425 प्रतिभागियों को अलग-अलग कंपनियों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।

उद्घाटन सत्र में विश्व विद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि ऐसे जॉब फेयर वर्तमान समय में युवाओं के लिए सुनहरा अवसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अवसरों का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। प्रो. तनेजा ने कहा कि जॉब फेयर के माध्यम से छात्रों को उनकी योग्यता के अनुरूप मंच मिल रहा है। चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने अपील की कि वे अपने कार्य में पूरी गंभीरता और निष्ठा रखें, ताकि विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़े और भविष्य में अधिक कंपनियां यहां आएं। उन्होंने कहा कि चयनित विद्यार्थी विश्वविद्यालय के ब्रांड एंबेसडर हैं, जिनके उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल उनका भविष्य उज्ज्वल होगा बल्कि संस्थान की गरिमा भी बढ़ेगी।

सेवायोजन विभाग के अतिरिक्त निदेशक सूर्यकांत कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल से निजी कंपनियों द्वारा योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशों में बहुभाषी नौकरियों की मांग को देखते हुए भाषा विश्वविद्यालय से प्रशिक्षित उम्मीदवारों को बेहतर अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे रोजगार मेले सेवायोजन कार्यालय द्वारा पूरी तरह निःशुल्क आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल के प्रमुख श्री सुमन मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले को विद्यार्थियों की ओर से अत्यंत उत्साहजनक और अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली। आयोजन के दौरान डॉ. दीक्षा मिश्रा, डॉ. नीरज शुक्ला सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं भारी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *