ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

जम्मू-कश्मीर : बस आतंकी हमले में घायल दंपति के परिजनों से मिले विधायक नीलकंठ

 जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए आतंकी हमले में काशी के दंपति अतुल मिश्रा (32) और नेहा (29) भी घायल हुए हैं। इसकी जानकारी पाते ही परिजन मर्माहत हो गए।

सोमवार को घटना की जानकारी पड़ोसियों और रिश्तेदारों के साथ शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी को हुई तो वे दंपति के कालभैरव मंदिर के पीछे स्थित आवास पर पहुंचे और परिजनों से मिल ढांढ बढ़ाया। विधायक ने परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। इसके पहले रात में ही प्रशासनिक अफसर भी दंपति के आवास पर पहुंचे और पूरे घटना की जानकारी ली। इसी दौरान घायल दंपति ने भी परिजनों को फोन कर बताया कि उनकी हालत ठीक है। दोनों ने परिजनों को पूरे घटना क्रम की जानकारी दी। और बताया कि फिलहाल उन्हें अस्पताल में रखा गया है। आसपास सेना के जवान मौजूद हैं। दोनों के देर रात तक वाराणसी लौटने की संभावना है।

आतंकी हमले में घायल अतुल के चाचा योगेश मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि भतीजा और बहू शादी की पहली सालगिरह पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू गए थे। दोनों बीते 6 जून को वाराणसी से बेगमपुरा ट्रेन से रवाना हुए थे। 7 जून को अतुल और नेहा के शादी की सालगिरह थी। वहां मां वैष्णो देवी का दर्शन कर नौ जून को शिव खोरी मंदिर में दर्शन पूजन के बाद दोनों बस से कटरा लौट रहे थे। जम्मू कश्मीर के रियासी जिले में रविवार शाम को बस पर आतंकी हमला हो गया। आतंकियों ने बस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। जिसमें बस ड्राइवर घायल हो गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सैकड़ों फीट नीचे गहरे खाई में गिर गई। आतंकी हमले में अब तक 10 दर्शनार्थियों की मौत हो गई। वहीं, 33 लोग घायल हैं। इसमें अतुल और उसकी पत्नी नेहा भी शामिल है।

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि रियासी में आतंकवादियों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं से भरी बस पर हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। ‘पहली प्राथमिकता घायलों को बचाना है। मैंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से बात की है और मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हमले के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *