ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

रैयतों ने एनएचएआई संवेदक के चार कर्मियों को बनाया बंधक, पुलिस ने छुड़ाया

जिले के सतबरवा प्रखंड के तुंबागड़ा में शनिवार को नेशनल अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) में निर्माण करने वाली भारत वाणिज्य कंपनी के संवेदक के चार कर्मियों को रैयतों ने बंधक बना लिया। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी को छुड़ाकर थाना ले गयी। रैयतों द्वारा आरोप लगाया गया कि संवेदक के सभी कर्मी गांव में जबरन जाकर लोगों को एलपीसी बनाने के लिए धमकी दे रहे थे। सूचना के बाद रैयत एकजुट हुए एवं विरोध किया और उन्हें आधे घंटे तक एक जगह पर बैठाकर रखा गया।

थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि एनएच बना रही कंपनी के कर्मियों ने मारपीट करने की जानकारी दी है। दो लाइंजनिंग ऑफिसर, एक सुपरवाइजर तथा एक वाहन का चालक शामिल है। इधर, पुलिस द्वारा संवेदक कर्मियों को थाना लाने की सूचना पर 200 से ज्यादा रैयत थाना पहुंचे थे। संवेदक एवं कर्मियों के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत की। बताया गया कि इन कर्मियों को कई बार मना किया गया था कि रैयतों का मामला अपर समाहर्ता कोर्ट में चल रहा है। सरकार के निर्देश के बाद सभी लोग एलपीसी करा लेंगे, लेकिन रैयत की बातों को अनसुना करके कर्मी हमेशा नियम कानून को ताक पर रखकर रैयतों के घर पहुंच जाते थे।

कसियाडीह की वृद्धा एतवरिया कुंवर ने कहा कि हमर जमीन जाइत बात, जिकेर मुआवजा कम मिलत बा। इसी को लेकर हमलोग उपर के साहब के पास आवेदन दिए हैं। उसकी पोती संजू कुमारी, दुलसुलमा गांव के बृजभान सिंह, फूलचंद साव, जयनाथ साहू, गुलाब सिंह द्वारा बताया गया कि चारों कर्मी हम लोगों के घर पर जाकर बार-बार एलपीसी बनवाने की धमकी देते हैं। नहीं बनाने पर जमीन का मुआवजा नहीं देने की बात कह कर हमेशा धमकाते हैं। कहा जाता है कि जमीन भी जाएगी और केस करके फंसा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *