ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दिल्ली-एनसीआर के दर्जनभर से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह दर्जनभर से अधिक स्कूलों में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। इन शिक्षण संस्थाओं को यह चेतावनी ई-मेल से दी गई। पुलिस के मुताबिक ई- मेल एक ही आईपी एड्रेस से भेजे हैं। टीम आईपी एड्रेस की जांच कर रही है। स्कूलों को खाली करवा कर कोना-कोना छाना जा रहा है। सबसे पहले द्वारका सेक्टर-तीन के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में बम होने की सूचना सामने आई। दिल्ली पुलिस को अब तक कम से कम 50 स्थानों से बम होने की सूचना प्राप्त हुई है।

दिल्ली पुलिस डीपीएस द्वारका का चप्पा-चप्पा छान रही है।अब तक कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला है। बम निरोधक दस्ता भी मौजूद है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय राजधानी के कई स्कूलों से ऐसी सूचना मिली। अभी तक की जांच का निचोड़ यह है कि कल से अब तक कई स्कूलों को ऐसा ई-मेल भेजा गया। सभी का पैटर्न एक है। ई-मेल में डेट लाइन का नहीं बीसीसी का जिक्र है। इसका मतलब एक ई-मेल कई जगह भेजा गया है। आला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक संभव है ऐसे ई-मेल और भी कुछ स्कूलों को भेजे गए हों। वैसे अब तक 50 फोन कॉल्स बम से संबंधित प्राप्त हो चुकी हैं।

इससे एक दिन पहले गीता कॉलोनी के चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय में बम होने की सूचना मिली थी। बुधवार सुबह ऐसी ही सूचना पर डीपीएस द्वारका प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। बिना समय गंवाए पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस फौरन पहुंची। दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता डीपीएस में मौजूद है। सारे स्कूल की तलाशी ली जा रही है। बच्चों को घर भेज दिया गया। सुबह 6 बजे दमकल विभाग को डीसीपी द्वारका अंकित सिंह के हवाले से जानकारी दी गई कि पूरे स्कूल की तलाशी ली जा रही है। पुलिस की कई टीमें ई-मेल को वेरीफाई करने के साथ आईपी एड्रेस की जांच कर रही हैं। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से ई-मेल भेजने वाले का पता लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *