ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

युवक ने ससुराल में पहले पत्नी और फिर खुद को मारी गोली

थाना मटसेना क्षेत्र अन्तर्गत रविवार को ससुराल आए एक युवक ने पहले पत्नी और फिर स्वयं को गोली मार ली। दंपत्ति को घायलावस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। युवक का पत्नी से पूर्व का विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जनपद आगरा के थाना एत्माउदौल क्षेत्र के संदीप नगर निवासी रवि की ससुराल फिरोजाबाद के खेड़ा गणेशपुरा में है। विवाद के कारण कई सालों से पत्नी वर्षा मायके में रह रही है। पत्नी को लेने के लिए वह ससुराल आया था। रविवार को किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। रवि ने पहले पत्नी वर्षा और फिर स्वयं को गोली मार ली। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से ससुरालीजन हैरान रह गए।

सूचना मिलते ही थाना मटसेना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में दोनों को तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आगरा रेफर कर दिया।

एएसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी सहित पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूछताछ की है। मौके से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। वर्षा के भाई ने बताया कि उसकी बहन ने बहनोई रवि के साथ ससुराल जाने से मना किया था। इसी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और रवि ने घटना को अंजाम दिया है।

इस सम्बंध में एएसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि एक युवक को गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पुलिस टीम पहुंची तो पता चला कि रवि ने ससुराल में पहले पत्नी और फिर स्वयं को गोली मारी है। रवि का अपनी पत्नी से पूर्व का विवाद चल रहा है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *