ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

खाकी वर्दी का सपना संजोए संसार से विदा हो गई राखी

झांसी की एक लड़की का सिपाही बनने का सपना मन में संजोए संसार से विदा हो गई। उसका खाकी वर्दी पहनने का सपना अधूरा ही रह गया। उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा की तैयारी कर रही बीए की छात्रा बीते रोज नहर में डूब गई।

झांसी के चिरगांव थानाक्षेत्र के ग्राम छिरौना की रहने वाली बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा राखी बीती शाम नहर में पूजा के फूल विसर्जित करने के लिए आई थी। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण वह नहर में गिर गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को तत्काल सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लड़की को खोजने का प्रयास शुरु कर दिया। हालांकि काफी मशक्कत के बाद बीती देर रात किशोरी की लाश बरामद हुई।

नहर में डूबी किशोरी राखी के भाई रविंद्र ने शुक्रवार को बताया कि राखी बीए की पढ़ाई कर रही थी। वह परीक्षा देकर वापस घर लौट रही थी और रास्ते में नहर पर पूजा के फूल विसर्जित के लिए रुक गई थी। इस दौरान उसका पैर फिसल गया। तैरना न जानने की वजह से वह नहर में डूब गई। रविंद्र ने बताया कि उसकी बहन पढ़ने में बहुत तेज थी। वह पुलिस परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उसका सिपाही बनने का सपना था। जल्द ही होने जा रही उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा का फॉर्म भी उसने भरा था। लेकिन, अब उसका यह सपना अधूरा उसके साथ ही समाप्त हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *