ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुख्यमंत्री ने डेयरी किसानों को दूध की सही कीमत दिलाने के लिए सांची और अमूल की संयुक्त बैठक ली

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के दूध उत्पादकों से दूध की खरीद सुनिश्चित करने और डेयरी किसानों को दूध की सही कीमत दिलाने में मदद करने के लिए बुधवार की रात सांची और अमूल की संयुक्त बैठक ली। अहमदाबाद में देर रात तक चली इस बैठक में विभिन्न संभवानाओं पर विचार किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से कहा कि गुजरात के अहमदाबाद में कल मध्यप्रदेश के दूध उत्पादकों से दूध की खरीद सुनिश्चित करने व डेयरी किसानों को दूध की सही कीमत दिलाने में मदद करने के लिए सांची और अमूल की संयुक्त सहभागिता की संभावनाओं पर विचार करने हेतु विस्तृत बैठक में भाग लिया। बैठक में दूध उत्पादकों के हित में एवं सहकारिता प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए दुग्ध संकलन, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रसंस्करण, विपणन, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, मानव संसाधन, डेयरी किसानों पर केंद्रित कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में मध्य प्रदेश एवं गुजरात के सहकारी दुग्ध महासंघों और दुग्ध संघों की संयुक्त सहभागिता का रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में पशुपालन और डेयरी विकास राज्य मंत्री लखन पटेल, गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (अमूल) के प्रबंध संचालक जयेन मेहता, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा, एम.पी. स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (सांची) के प्रबंध संचालक डॉ. सतीश कुमार, गुजरात से पंचमहल दुग्ध संघ के अध्यक्ष जेठाभाई भारवाड तथा पंचमहल दुग्ध संघ के प्रबंध संचालक मितेश मेहता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अमूल तथा पंचमहल दुग्ध संघ की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *