ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

संजय सिंह की गिरफ्तारी लोकतन्त्र पर हमला: रामगोविन्द चौधरी

राज्यसभा सांसद संजय सिंह व उर्मिलेश समेत कई पत्रकारों से ईडी की पूछताछ पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी ने आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि ईडी, सीबीआई और दिल्ली पुलिस का इस तरह का कृत्य लोकतन्त्र पर हमला है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है।

शहर स्थित अपने आवास पर गुरूवार को पत्रकारों से बातचीत में श्री चौधरी ने केन्द्र सरकार को हम दो और हमारे दो की सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि काले कारनामों या बैंकों को लूटकर विदेश में रह रहे नीरव मोदी, ललित मोदी और मेहुल भाई जैसे लोगों के पाप को उजागर कर रहा है या उसे लेकर कोई प्रश्न कर दे रहा है, उसे पूछताछ के नाम पर परेशान करने या गिरफ्तार करने के लिए कभी ईडी, कभी सीबीआई तो कभी दिल्ली पुलिस की टीम पहुंच जा रही है। इसका ताजा उदाहरण राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की गिरफ़्तारी और वरिष्ठ पत्रकार उर्मिलेश तथा अभिसार शर्मा जैसे निष्पक्ष पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने की घटना है।

रामगोविन्द चौधरी ने कहा कि ईडी, सीबीआई और दिल्ली पुलिस को उसके इस रवैये के लिए समय-समय पर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने फटकारा भी है। बावजूद इसके इन तीनों में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा है कि इसकी वजह से इन तीनों संस्थाओं की साख पर बुरा असर पड़ा है जो देश हित या लोकतन्त्र के हित में नहीं है। कहा कि सरकार अगर यह समझ रही है कि इन गिरफ़्तारियों के बल पर या हिरासत में लेकर पूछताछ के बल पर वह जनता की आवाज को दबा लेगी तो वह गलत फहमी में है। इस देश में इस तरह से जनता की आवाज दबाने की कोशिश 1975 में भी हुई थी। जिसके जवाब जनता ने 1977 में पूरे उत्तर भारत से कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया था। कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी हर पीड़ित के साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *