ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अमृत भारत स्टेशन योजना के विकास कार्यों का शिलान्यास रविवार को

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अगस्त, रविवार को को देशभर के अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकास कार्यों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। बीकानेर मंडल के चयनित 21 स्टेशनों में से 10 स्टेशनों का इस दिन शिलान्यास होगा।

बीकानेर मण्डल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) डॉ. आशीष कुमार ने शुक्रवार को पत्रकार सम्मेलन में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीकानेर मंडल पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15 स्टेशन चुने गए थे, जिसमें रेलवे बोर्ड ने छह स्टेशन और जोड़े। ये स्टेशन राजस्थान के लालगढ़, सूरतगढ़, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, गोगामेडी, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़ तथा हरियाणा के मंडी डबवाली, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, कोसली और महेंद्रगढ़ है। जो नए छह स्टेशन है वे राजस्थान का रायसिंहनगर तथा हरियाणा के लोहारू, मंडी आदमपुर, हांसी, कालांवाली और भट्टू शामिल है।

प्रधानमंत्री द्वारा 6 अगस्त को किए जाने वाले शिलान्यास समारोह में बीकानेर मंडल के 10 स्टेशन लालगढ़, सूरतगढ़, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सिरसा, हिसार, भिवानी, सादुलपुर, चूरू और रतनगढ़ है। इस समारोह में स्थानीय सांसद, विधायक तथा अन्य जनप्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम प्रातः 9.30 बजे आरंभ होगा जिसमें स्थानीय नेताओं के संबोधन, रेलवे द्वारा अमृत भारत स्टेशन शीर्षक पर हुई चित्रकला, निबंध आदि प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उनका संबोधन प्रसारित किया जायेगा।

डीआरएम डॉ. आशीष ने यह भी बताया कि इन स्टेशनों के विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा चुका है और सुविधाओं को बढ़ाने के लिए चरणों में मास्टर प्लान का कार्यान्वयन किया जाएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशनों पर आवश्यकतानुसार लिफ्ट, पैदल पुल, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, वीडियो डिस्प्ले के साथ-साथ स्टेशन बिल्डिंग में सुधार, वेटिंग हॉल, रिटायरिंग रूम, टॉयलेट इत्यादि में सुधार, साइनेज तथा प्रकाश व्यवस्था में सुधार आदि कार्य सम्मिलित किए गए हैं।

पत्रकार सम्मेलन में मंडल रेल प्रबंधक के साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश चंद जेवलिया, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) अमित जैन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जयप्रकाश, मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय पिसे तथा मंडल के कई अधिकारी एवं मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *