ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पढ़ने आए विद्यार्थी बाल्टी लेकर कक्षा से बारिश का पानी निकालने में रहे व्यस्त

श्री हरि हाई स्कूल के विद्यार्थी शुक्रवार को झाड़ू और बाल्टी लेकर क्लास रूम में पानी निकालते नजर आ जाएंगे। दिन भर छत से पानी टपकता रहता है और विद्यार्थी पानी निकालने में लगे रहते हैं। छत से टपक रहे पानी से कंप्यूटर खराब न हो जाए इसलिए उन्हें प्लास्टिक से ढंक कर रख दिया गया है। इस वजह से स्कूल के विद्यार्थी कंप्यूटर की पढ़ाई नहीं कर सके।

विशेषकर, 11 वीं कक्षा के 47 और 12 वीं कक्षा के कुल 199 बच्चों की कंप्यूटर की पढ़ाई ठप्प रही। हालात तो यह है कि एक दशक पहले बने इस स्कूल के भवन की खिड़कियों में लगे कांच टूट कर झड़ गये हैं। बारिश का पानी भी इन खिडकियों से कक्षा के अंदर आता रहता है। आलम यह है कि एक तरफ सरकारी विद्यालयों को अपग्रेड कर प्रोजेक्टर, टीवी, सीसीटीवी, कंप्यूटर सेट उपलब्ध करा दिये गये हैं, लेकिन न तो इनका उपयोग हो रहा है और न ही इनकी रख रखाव की कोई व्यवस्था है।

श्री हरि हाई स्कूल तोरपा को भी 15 सीसीटीवी, 10 कम्प्यूटर, आठ बैटरी और इन्वर्टर लगाए गये हैं, लेकिन क्लास रूम नहीं होने के कारण विद्यार्थी इनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। तोरपा के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुदामा मिश्र ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अभी तक विद्यालय की ओर से कोई लिखित सूचना व शिकायत विभाग को नहीं दी गई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ अतुल चौबे से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *