ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पत्रकारों के सवाल का जवाब नहीं दे सके युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष

शिक्षा को नई ऊंचाई देने के लिए नरेन्द्र मोदी की सरकार द्वारा लागू किए गए शिक्षा नीति के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की युवा इकाई ने आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। आंदोलन के पहले चरण में गांव-गांव जाकर शिक्षा नीति की खामियां लोगों को बताई जाएगी। यह बातें युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव ने शनिवार को बेगूसराय सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में कही। हालांकि, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न खामियों की चर्चा करने वाले प्रदेश अध्यक्ष बिहार के महागठबंधन सरकार द्वारा शिक्षा के विकास के लिए किए कार्यों का कोई जवाब नहीं दे सके। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को गरीब एवं वंचितों के खिलाफ बताया।

पत्रकारों ने जब पूछा कि बिहार के महागठबंधन सरकार में शिक्षा व्यवस्था के उत्थान के लिए क्या किया है। स्कूलों में शिक्षक और छात्र का अनुपात कब सही किया जाएगा। शिक्षा के विकास के लिए और क्या किए हैं, तो प्रदेश अध्यक्ष कोई जवाब नहीं दे सके। बिहार के शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर और शिक्षा सचिव के.के. पाठक प्रकरण के संबंध में भी कोई जानकारी नहीं दी।

पत्रकारों द्वारा पूछा गया कि शिक्षा मंत्री राजद के हैं और इस प्रकरण पर राजद का क्या स्टैंड है तो उन्होंने एक शब्दों में कह दिया सब कुछ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जानेंगे। राजद के प्रवक्ता इस संबंध में कह चुके हैं। शिक्षक बहाली और शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा देने के लिए बीपीएससी की परीक्षा संबंधी सवाल पर भी उन्होंने जानकारी के अभाव में कुछ बोलने से इंकार कर दिया।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है। महंगाई के कारण हर लोग परेशान हैं, भाजपा ने जातीय गणना में अड़ंगा लगा दिया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति शिक्षा को बर्बाद करने वाला है। इसमें शिक्षा का बाजारीकरण हो रहा है। गरीब, दलित, वंचित को शिक्षा से दूर रखने की साजिश की गई है।

सरकार की साजिश को जनता की अदालत में ले जाएंगे। चली आ रही पुरानी शिक्षा नीति सही थी। लेकिन लोकतांत्रिक अधिकार छीन रही मोदी सरकार ने शिक्षा से वंचित करने की साजिश रच दिया है। इसके लिए रणनीति तय कर पंचायत वार और गांव-गांव में कार्यक्रम किए जाएंगे। 20 जुलाई के बाद शिक्षा नीति के विरोध में कार्यक्रम चलेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लैंड फॉर जॉब मामले में तेजस्वी यादव को फंसा रही है। संविधान और देश के गरीबों की बात करने वाले को फंसाया जा रहा है। सीबीआई और ईडी जैसी एजेंसी भाजपा का सरकारी विंग है। जिसे लोगों को फंसाने के लिए उपयोग किया जाता है। प्रेसवार्ता में राजद जिलाध्यक्ष मोहित यादव, युवा जिलाध्यक्ष फैजुर रहमान, प्रधान महासचिव विकास पासवान एवं राज्य परिषद सदस्य अमित कुमार यादव भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *