• February 16, 2026

योगी आदित्यनाथ का सपा पर तीखा हमला: ‘महिला राज्यपाल का अपमान किया, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वंदे मातरम का अपमान किया’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधान परिषद में समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा पर महिला राज्यपाल का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया और विपक्ष के व्यवहार को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताया।
सीएम योगी ने कहा,
“राज्यपाल का अभिभाषण शासन की उपलब्धियों और भावी योजनाओं का एक दस्तावेज होता है। मैं सबसे पहले हमारे संवैधानिक प्रमुख के प्रति हमारे मुख्य प्रतिपक्षी का आचरण और व्यवहार बहुत ही अशोभनीय और दुर्भाग्यपूर्ण रहा है।”
संवैधानिक पद का अपमान लोकतंत्र को कमजोर करता है

मुख्यमंत्री ने आगे कहा,
“राज्यपाल प्रदेश की संवैधानिक प्रमुख होती हैं। संवैधानिक पद के प्रमुख प्रति मुख्य प्रतिपक्ष का व्यवहार लोकतंत्र को कमजोर करता है। यह अवमानना के दायरे में आता है। खैर, जिस प्रकार का प्रतिपक्ष है उससे ऐसी अपेक्षा करना बेवकूफी होगी कि वो संवैधानिक प्रमुख का सम्मान करें।
पिछली सरकार पर ‘माफिया राज’ का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने सपा की पिछली सरकार पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा,
“पिछली सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था। 2017 से पहले गुंडे और माफिया इस प्रदेश में समानांतर सरकार चला रहे थे। वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया का राज था। प्रदेश की छवि अराजकता और अस्थिरता का पर्याय बन गया था। हमारी सरकार ने रूल ऑफ लॉ स्थापित किया। यूपी में न कर्फ्यू है न दंगा है, यूपी में सब चंगा है। भारत की आत्मा यूपी से है। यूपी में अब दंगे नहीं होते हैं। आक्रांताओं को महिमामंडन और देशद्रोहियों के समर्थन में बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राष्ट्रनायकों और राष्ट्रगीत का अपमान
सीएम योगी ने सपा पर राष्ट्रनायकों और राष्ट्रप्रतीकों के अपमान का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा,
“राष्ट्रनायकों का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। सपा ने गाजी के मेले का समर्थन किया था। वह कांवड़ यात्राओं पर रोक लगाती थी। ये राम मंदिर और काशी विश्वनाथ का विरोध करते हैं। समाजवादी पार्टी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थी। विपक्ष ने राम, कृष्ण को अदालत में मिथक बताया था। सपा ने वंदे मातरम् का अपमान किया। उनको राष्ट्रगीत से दिक्कत क्यों है? राष्ट्रगीत का अपमान संविधान की अवहेलना है।”
यह बयान राज्यपाल के अभिभाषण पर विधान परिषद में चल रही चर्चा के दौरान आया, जहां सपा ने राज्यपाल पर राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया था। योगी के इन तीखे हमलों से यूपी की राजनीति में एक बार फिर तल्खी बढ़ गई है।
Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *