• February 23, 2026

योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर में जीआईसी के CEO से की महत्वपूर्ण बैठक: उत्तर प्रदेश में डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स, अक्षय ऊर्जा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर में दीर्घकालिक निवेश की संभावनाएं तलाशीं

सिंगापुर/लखनऊ, 23 फरवरी 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सिंगापुर दौरे के दौरान वैश्विक निवेश आकर्षित करने के अभियान में जुटे हुए हैं। आज उन्होंने सिंगापुर की प्रमुख संप्रभु निवेश संस्था जीआईसी (Government of Singapore Investment Corporation) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिम चो किआट (Lim Chow Kiat) और उनकी टीम के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में उत्तर प्रदेश में जीआईसी के दीर्घकालिक निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीआईसी को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए राज्य की मजबूतियां गिनाईं। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश आज भारत की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला राज्य है। यहां नीतिगत स्थिरता, सुशासन, मजबूत कानून-व्यवस्था, 25 करोड़ से अधिक की विशाल उपभोक्ता आबादी और तेजी से विकसित हो रहा अवसंरचना तंत्र निवेशकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण है। हम निवेशकों को सुरक्षित, पारदर्शी और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रहे हैं।”
बैठक में चर्चा के प्रमुख क्षेत्र
बैठक में निम्नलिखित क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श हुआ:

  • औद्योगिक कॉरिडोर के किनारे लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग अवसंरचना
  • अक्षय ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण परियोजनाएं
  • डेटा सेंटर एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर
  • उभरते शहरी केंद्रों में वाणिज्यिक रियल एस्टेट और इंटीग्रेटेड टाउनशिप
  • एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र के अनुरूप फिनटेक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म
  • भविष्य उन्मुख उद्योगों के लिए कौशल विकास

मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को ‘फ्यूचर-रेडी’ औद्योगिक और आर्थिक हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क और नए औद्योगिक शहरों का तेजी से विकास हो रहा है, जो दीर्घकालिक निवेशकों के लिए स्थिर और लाभकारी अवसर प्रदान करते हैं।

जीआईसी का भारत में मजबूत निवेश आधार
जीआईसी विश्व की प्रमुख दीर्घकालिक संप्रभु संपत्ति निवेश संस्थाओं में से एक है, जिसका भारत में अवसंरचना, रियल एस्टेट, फिनटेक और डिजिटल प्लेटफॉर्म क्षेत्रों में पहले से ही मजबूत निवेश आधार मौजूद है। इस बैठक को उत्तर प्रदेश में वैश्विक पूंजी के प्रवाह को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
गौरतलब है कि राज्य में निवेश आमंत्रण के इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वर्तमान में यूरोप के दौरे पर हैं, जहां वे विभिन्न निवेशकों और कंपनियों से मुलाकात कर रहे हैं।सीएम योगी का सिंगापुर दौरा 23-24 फरवरी तक जारी रहेगा, जिसमें 25 प्रमुख कंपनियों के साथ बैठकें और ‘इन्वेस्ट यूपी मेगा रोडशो’ शामिल है। इसके बाद 25-26 फरवरी को जापान दौरा प्रस्तावित है।
Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *