• October 29, 2025

पूरी क्षमता से अयोध्या को विश्व स्तरीय सिटी बनाने के लिए हो कार्य: मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र

 पूरी क्षमता से अयोध्या को विश्व स्तरीय सिटी बनाने के लिए हो कार्य: मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र

यूपी शासन के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में अयोध्या को विश्व स्तरीय धार्मिक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने के लिए अयोध्या विजन डाक्यूमेंट डेवलपमेंट/गतिमान परियोजनाओं की वित्तीय और भौतिक प्रगति की समीक्षा बैठक आयुक्त कार्यालय सभागार में आहूत की गयी। मण्डलायुक्त गौरव दयाल द्वारा अयोध्या में निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं के प्रगति एवं विकास कार्यो के सम्बंध में मुख्य सचिव के समक्ष बिन्दुवार प्रस्तुतीकरण किया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि, आने वाले 6 माह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आगामी जनवरी माह में भव्य श्रीराम जन्मभूमि का उद्घाटन होना है, जिससे अयोध्या आने वाले श्रद्वालुओं की संख्या में लाखों की वृद्वि होगी। अयोध्या में निर्माणाधीन विभिन्न पथ जैसे रामपथ, भक्ति पथ व जन्मभूमि पथ के निर्माण कार्य के लिए आगामी दो माह बहुत ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि जुलाई माह में बरसात के कारण कार्य बाधित हो सकता है इसलिए अधिक से अधिक मानव संसाधन बढ़ाकर दिन रात दोनों शिफ्टों में 24/7, कार्य को और तेजी से किया जाये। सभी अधिकारी अयोध्या धाम में निर्माणाधीन कार्यो में व्यक्तिगत रूचि रखते हुये कार्य करायें और उनमें यह भावना होनी चाहिए कि हम अयोध्या के निर्माण के साक्षी बनें।

मुख्य सचिव ने कहा कि, हमारी यह जिम्मेदारी है कि देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्वालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध करायी जाये इसके लिए अभी से अयोध्या में स्थित सभी धर्मशालाओं और होम स्टे की सुविधा उपलब्ध करायी जाये इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाये और इसका व्यापक प्रचार प्रसार किया जाये, जिससे आने वाले श्रद्वालु घर बैठे ही बुकिंग कर सुविधायें प्राप्त कर सकें और अयोध्या में प्रस्तावित टेन्ट सिटी को जल्द से जल्द विकसित कर उसका संचालन किया जाये। उन्होंने भविष्य में अयोध्या आने वाले श्रद्वालुओं को सुगम यातायात उपलब्ध कराने हेतु चलायी जा रही परियोजनाओं की समीक्षा करते हुये कहा कि, श्रद्वालुओं को बुनियादी सुविधायें उपलब्ध हों इसके लिए एक बेहतर कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाये, जिसमें श्रद्वालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी को देखते हुये टेंटो की संख्या बढ़ायी जाये और अयोध्या में निर्मित बस स्टॉप को और विकसित किया जाये व उसके सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अण्डर पास बनाया जाये, जिससे लखनऊ से अयोेध्या आने वाले श्रद्वालुओं को सुगम यातायात की सुविधा मिल सकें। उन्होंने कहा कि आगामी दिसम्बर माह अयोध्या धाम में 50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करायी जाये, जिससे अयोध्या के अंदर श्रद्वालुओं को आने-जाने में सुविधा हों। मुख्य सचिव ने अयोध्या में प्रस्तावित 06 प्रमुख प्रवेश द्धारों में भूमि अर्जन की कार्यवाही जल्द से जल्द पूर्ण कर वहां पर मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराते हुये भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण कार्य किये जाने के निर्देश दिए। जिसमें पार्किंग, फूडकोर्ट आदि की सुविधायें श्रद्वालुओं को उपलब्ध करायी जाये।

 

 

उन्होंने अयोध्या को स्वच्छ एवं सुन्दरतम नगरी के रूप में विकसित करने हेतु कहा कि अयोध्या को पूरे देश के लिए आइडियल/विश्व स्तरीय सिटी के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक है कि इन्दौर की भांति कूड़े का कलेक्शन डोर टू डोर शत प्रतिशत किया जाये और यहां के आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाये। उन्होंने मण्डलायुक्त से कहा कि, जिन भी प्रोजेक्ट/सरकारी भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण होने वाला है उनकी एक लिस्ट बना ली जाये और जैसे ही कार्य पूर्ण हो जाये उनका संचालन सुनिश्चित किया जाये और निर्मित सभी सरकारी भवनों एवं सरकारी परियोजनाओं में अयोध्या की ब्राडिंग की जाये। उन्होंने जोर दिया कि सभी प्रोजेक्ट में अयोध्या की ब्राडिंग करते हुये अयोध्या की भावना को विकसित किया जाये। उन्होंने निर्माणाधीन तुलसी स्मारक भवन निर्माण की समीक्षा करते हुये कहा कि, यदि निर्माण कार्य के डिजाइन में कोई त्रुटियां है तो मण्डलायुक्त को उसकी जांच करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवावदेही तय करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आप सभी अपना स्वयं का घर बनाते समय एक-एक बारीकियों का ध्यान रखते है उसी प्रकार इन सभी सरकारी भवनों के निर्माण में भी बारीकियों का ध्यान जरूर रखें। उन्होंने अयोध्या बसखारी मार्ग की समीक्षा की। सम्बंधित अधिकारियों द्वारा बताया गया कि उक्त मार्ग में अकबरपुर बाईपास में दो रेलवे ओवरब्रिज पड़ रहे है जिस कारण इस कार्य में विलम्ब हो रहा है जिस पर उन्होंने कहा कि 10 किमी0 बाईपास निर्माण में दो रेलवे ओवरब्रिज कैसे पड़ रहे इसकी जांच की जाय और सम्बंधित अधिकारियों की जवावदेही तय की जाये। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने अयोध्या धाम में निर्माणाधीन परियोजनाओं के प्रगति की जानकारी ली तथा इन सभी प्रोजेक्ट में आने वाली समस्याओं को मुख्य सचिव के समक्ष रखा।

 

 

पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रवीण कुमार ने आगामी सावन मास मेले के दृष्टिगत अयोध्या में निर्माणाधीन रामपथ में श्रृंगार हाट से लेकर हनुमानगढ़ी दशरथ महल तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करवाने तथा उन्होंने कहा कि अयोध्या में बाहरी प्रदेशों के लोगों द्वारा भूमि क्रय किया जा रहा है, जिसमें बाहरी लोगों के साथ भूमि क्रय में फरेब हो जाता है। बाहरी व्यक्तियों की सहायता के लिए एक सेल गठित करने के सम्बंध में मुख्य सचिव का ध्यान आकर्षित किया, जिस पर मुख्य सचिव ने सम्बंधित अधिकारियों को सर्तक दृष्टि रखते हुये कार्यवाही करने के निर्देश दिये। नगर आयुक्त/उपाध्यक्ष अयोध्या विकास प्राधिकरण विशाल सिंह द्वारा अयोध्या के विकास के लिए चलायी जा रही विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। बैठक में अपर मुख्य सचिव आवास एवं शहरी नियोजन, प्रमुख सचिव सिंचाई, प्रमुख सचिव परिवहन सहित अन्य प्रमुख विभागों को प्रमुख सचिव एवं मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक से पूर्व मुख्य सचिव द्वारा अयोध्या के गुप्तारघाट के फेस-1, फेस-2, फेस-3 का निरीक्षण किया तथा निर्माणाधीन एस0टी0पी0 प्लांट, अयोध्या के नयाघाट सहित विभिन्न घाटों एवं प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया गया। मुख्य सचिव द्वारा गुप्तारघाट में छायादार वृक्षों को रोपण करने के निर्देश दिये तथा सभी घाटों को साफ सुथरा रखने के निर्देश दिये। मुख्य सचिव द्वारा अयोध्या को सोलर सिटी बनाने के दृष्टिगत इस कार्य को और गति देने के लिए सूर्य रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा के लिए लोगों को सौर ऊर्जा के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया गया। बैठक के उपरांत मुख्य सचिव द्वारा निर्माणाधीन मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट का निरीक्षण किया जिसमें रन-वे का कार्य पूर्ण हो गया है तथा एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग का कार्य अंतिम चरण में है। निर्माण कार्यो की प्रगति की सराहना की तथा उन्होंने रन-वे पर चलकर देखा। इसके पश्चात अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित सूर्यकुण्ड का निरीक्षण किया तथा कराये गये कार्यो की सराहना की और सूर्यकुण्ड में जगह-जगह पर कूड़ेदान रखने के निर्देश दिये।

Digiqole Ad

Rama Niwash Pandey

https://ataltv.com/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *