50 साल की उम्र में 35 साल बाद देने पहुंचीं कॉलेज परीक्षा, महिला का जज्बा देख लोग हुए प्रेरित
सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इस बात को साबित करता नजर आ रहा है। 50 साल की एक महिला 35 साल बाद अपने अधूरे कॉलेज की परीक्षा देने पहुंचीं। उनका आत्मविश्वास, उत्साह और सीखने की लगन लोगों को खूब प्रेरित कर रही है। वायरल वीडियो में महिला पूरे आत्मविश्वास के साथ कॉलेज परिसर में प्रवेश करती दिखाई दे रही हैं। उनके चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा है। वीडियो को इंस्टाग्राम पर student_at_50 नाम के अकाउंट से साझा किया गया है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है, “पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती। 50 साल की उम्र में 35 साल बाद छात्रा बनकर कॉलेज की परीक्षा देने पहुंची।” वीडियो में महिला कैमरे से बातचीत करते हुए बताती हैं कि वह अपने कॉलेज की परीक्षा देने जा रही हैं। खास बात यह है कि इतने लंबे अंतराल के बाद भी उनके चेहरे पर न कोई घबराहट नजर आती है और न ही किसी तरह की झिझक। वह पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा केंद्र की ओर बढ़ती दिखाई देती हैं। वीडियो का सबसे भावुक पल तब सामने आता है, जब उनका बेटा उन्हें परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए ‘ऑल द बेस्ट’ कहता है। बेटे का यह समर्थन सोशल मीडिया यूजर्स को बेहद पसंद आ रहा है। लोग इसे मां-बेटे के मजबूत रिश्ते और सपनों को पूरा करने की प्रेरणादायक मिसाल बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखने के बाद हजारों लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा, “बेस्ट ऑफ लक आंटी, हमें आप पर गर्व है।” वहीं दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “आपने मुझे मोटिवेट कर दिया, मेरी भी कई बैकलॉग परीक्षाएं बाकी हैं।” एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, “जिंदगी में बस इतना ही आत्मविश्वास चाहिए।” महिला का यह वीडियो न सिर्फ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, बल्कि यह भी संदेश दे रहा है कि शिक्षा और सपनों की कोई उम्र सीमा नहीं होती। अगर इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो किसी भी उम्र में नई शुरुआत की जा सकती है।