ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ग्लोबल मार्केट से लगातार दूसरे दिन कमजोर संकेत, एशियाई बाजारों पर भी दबाव

ग्लोबल मार्केट से आज लगातार दूसरे दिन दबाव के संकेत मिल रहे हैं। वॉल स्ट्रीट पिछले सत्र के दौरान 1 प्रतिशत से अधिक तक टूट गया। इसी तरह यूरोपीय बाजार भी पूरे सत्र में दबाव के बीच कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणामों के साथ बंद हुआ। एशियाई बाजार भी आज दबाव के बीच मिला जुला कारोबार करते नजर आ रहे हैं।

अमेरिका ने ब्याज दरों के बढ़ने की आशंका और बैंकों की रेटिंग गिरने की चेतावनी के बाद से ही नकारात्मक माहौल बना हुआ है, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के तीनों सूचकांक लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। डाउ जॉन्स 180.65 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 34,765.74 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एसएंडपी 500 इंडेक्स ने 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,404.33 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 156.42 अंक यानी 1.15 प्रतिशत टूट कर 13,474.63 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव में कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.45 प्रतिशत गिरकर 7,356.88 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,260.25 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, डीएएक्स इंडेक्स पूरे सत्र में दबाव का सामना करने के बाद 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 15,789.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार भी आज दबाव में मिलाजुला कारोबार करते नजर आ रहे हैं। एशिया के 9 बाजारों में से 4 बाजारों के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 4 के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज कारोबार नहीं हो रहा है। गिफ्ट निफ्टी 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 19,413 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.01 प्रतिशत तेज होकर 3,150.29 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.20 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,522.65 अंक के स्तर पर और ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,486.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 0.23 प्रतिशत टूट कर 31,693.47 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स अभी तक के कारोबार में 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,202.62 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 0.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18,303.76 अंक के स्तर पर और कोस्पी इंडेक्स 0.49 प्रतिशत फिसल कर 2,513.20 के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *