• June 10, 2026

UAE में सिक्योरिटी गार्ड की चमकी किस्मत, दोस्तों संग जीती 78 करोड़ की लॉटरी; अब प्रॉपर्टी और बिजनेस में करेंगे निवेश

अबू धाबी: कहते हैं किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता। नेपाल के 25 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड तैय्यब खान के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में नौकरी करने वाले तैय्यब ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर एक लॉटरी टिकट खरीदा था, जिसने रातोंरात उनकी जिंदगी बदल दी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पांच दोस्तों के समूह ने 50 दिरहम (करीब 1,300 रुपये) का योगदान देकर लॉटरी टिकट खरीदा था। किस्मत ने ऐसा साथ दिया कि उनके टिकट ने 30 मिलियन दिरहम (करीब 78 करोड़ रुपये) का जैकपॉट जीत लिया। इनाम की राशि सभी दोस्तों के बीच बराबर बांटी गई, जिससे प्रत्येक के हिस्से में लगभग 15 करोड़ रुपये आए।

बकरीद की छुट्टी पर मिली खुशखबरी

27 मई को जब लॉटरी ड्रॉ निकाला गया, उस समय तैय्यब खान बकरीद की छुट्टी के दौरान अपनी नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे। जहां लाखों लोग ड्रॉ का लाइव प्रसारण देख रहे थे, वहीं तैय्यब अपने काम में व्यस्त थे। उन्हें जैकपॉट जीतने की जानकारी ईमेल के जरिए मिली।

शुरुआत में उन्होंने इस ईमेल को गंभीरता से नहीं लिया क्योंकि इससे पहले भी उन्हें लॉटरी में छोटे-मोटे इनाम मिल चुके थे। हालांकि जब उन्होंने संदेश को ध्यान से पढ़ा, तो उन्हें एहसास हुआ कि उन्होंने अपने दोस्तों के साथ करोड़ों रुपये का जैकपॉट जीत लिया है। पुष्टि के लिए उन्होंने लॉटरी एजेंसी से संपर्क किया, जिसके बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

हर हफ्ते बदलता था नंबर चुनने वाला दोस्त

तैय्यब ने बताया कि वह और उनके चार दोस्त नियमित रूप से मिलकर लॉटरी टिकट खरीदते थे। हर सप्ताह समूह का एक सदस्य टिकट के लिए नंबर चुनता था। कई महीनों तक लगातार प्रयास करने के बाद आखिरकार उनकी किस्मत चमक गई।

तैय्यब ने कहा, “हमने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी। हम लगातार टिकट खरीदते रहे और आखिरकार हमें सफलता मिल गई।”

नौकरी छोड़कर करेंगे कारोबार

चार साल से सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहे तैय्यब अब अपनी नौकरी छोड़ने की योजना बना रहे हैं। उनका कहना है कि वह बिजनेस शुरू करना चाहते हैं और निवेश के नए अवसर तलाश रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना है। वह नेपाल में अपने परिवार के लिए एक शानदार घर खरीदना चाहते हैं। साथ ही UAE में प्रॉपर्टी में निवेश करने और कारोबार शुरू करने पर भी विचार कर रहे हैं। दुबई में फ्लैट खरीदना भी उनकी भविष्य की योजनाओं में शामिल है।

परिवार की आंखों में आ गए खुशी के आंसू

तैय्यब ने बताया कि जब उन्होंने अपने परिवार को इस बड़ी जीत के बारे में जानकारी दी, तो सभी हैरान रह गए। खुशी के इस पल में परिवार के सदस्यों की आंखों से आंसू छलक पड़े।

उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी पसंदीदा महिंद्रा थार और एक रोलेक्स घड़ी खरीदना चाहते हैं। हालांकि उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करना और लंबे समय के लिए मजबूत निवेश करना है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *