ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

दो दिन से लापता बच्ची का शव मोहल्ले के ही खडंहर मकान में मिला, हत्यारे की तलाश जारी

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में दो दिनों से लापता एक सात साल की बच्ची का शव मोहल्ले के ही एक खंडहर घर में मिला है। बच्ची की हत्या कर उसे यहां फेंक दिया गया। सोमवार दोपहर को बदबू आने पर मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

जानकारी अनुसार शहर के प्रतापपुरा क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब बारह बजे एक बच्ची घर के बाहर खेलते हुए अचानक गायब हो गई थी। परिजनाें को जब बच्ची नहीं दिखी तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। कहीं नहीं मिलने पर परिजनों ने शिकारपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस बच्ची को तलाशने के लिए दो दिन से शहर के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही थी। साथ ही उसे खोजने के लिए तीन टीमें भी लगाई गई थी। इस बीच सोमवार दोपहर को मोहल्ले के लोगों को एक खंडहर मकान से बदबू आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो लापता बच्ची का शव मिला। बच्ची का शव मिलने की सूचना के बाद एसपी देवेंद्र पाटीदार, एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश, सीएसपी गौरव पाटिल सहित पुलिस बल प्रतापपुरा पहुंचा। इसके अलावा डाॅग स्क्वाड और एफएसएल टीम भी हत्यारे का सुराग ढूंढने में जुटी हुई हैं। बच्ची के साथ क्या घटना हुई है, अभी इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *