ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राजस्थान के 18 शहरों में तापमान 45 से ज्यादा, 23 जिलों में आज तेज गर्मी का अलर्ट

लू और हीटवेव के चलते पूरा राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में है। आगामी दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा के चलते भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों के बाशिंदों को लू की मार का सामना करना पड़ सकता है। रविवार को जयपुर में तापमान 45.9 डिग्री रहा, जो सरहदी जिले बाड़मेर, जैसलमेर और बीकानेर के तापमान से भी ज्यादा था। जयपुर में हालांकि शाम को आंधी चलने के साथ कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली। कल 18 शहरों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा।

मौसम केंद्र जयपुर ने आज से चार दिन यानी 23 मई तक भीषण गर्मी रहने का अलर्ट जारी किया है। आज 23 जिलों में तेज गर्मी की चेतावनी है। 21 मई को पांच जिलों जबकि 22 और 23 मई को 10 या उससे ज्यादा जिलों में गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। दिन में गर्मी के साथ पहली बार रात में भी सामान्य से बहुत ज्यादा गर्मी रहने की चेतावनी जारी की है। राजस्थान में कल गर्मी कितनी तेज थी, इसका अंदाजा शहरों के दिन के तापमान से लग गया। कल सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 46.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बारां में 46.7, जालोर व धौलपुर में 46.5, कोटा व फतेहपुर (सीकर) में 46.2 और करौली व पिलानी में 46.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। बाड़मेर व फलोदी में 45.8, जोधपुर, चूरू व अलवर में 45.6, जैसलमेर में 45.5, हनुमानगढ़ और डूंगरपुर में 45.3, निवाई (टोंक) में 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम केंद्र जयपुर ने इस बार गर्म दिन के साथ गर्म रात (वार्म नाइट) का रेड अलर्ट जारी किया है। यानी आशंका जताई है कि राजस्थान के पश्चिमी जिलों में रात का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हो सकता है। इस दौरान कई शहरों का रात का तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस या उससे भी ऊपर रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *