• April 15, 2026

तेजस्वी यादव का तंज: सम्राट चौधरी को बताया ‘Selected CM’, NDA शासन पर भी साधा निशाना

बिहार की राजनीति में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के साथ ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी को बधाई देते हुए उन पर तीखा तंज कसा है।

‘Selected मुख्यमंत्री’ कहकर साधा निशाना

तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि सम्राट चौधरी को “Selected मुख्यमंत्री” बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने “Elected मुख्यमंत्री” नीतीश कुमार को हटाने की अपनी प्रतिज्ञा पूरी कर ली है।

NDA के 21 साल पर सवाल

तेजस्वी ने अपने पोस्ट में NDA के 21 वर्षों के शासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय के बावजूद बिहार शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था, रोजगार, निवेश, गरीबी और पलायन जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों पर राष्ट्रीय औसत से पीछे है।

उन्होंने यह भी कहा कि नीति आयोग के अधिकांश सूचकांकों और सतत विकास के पैमानों पर बिहार की स्थिति कमजोर बनी हुई है।

नए सीएम से उम्मीद भी जताई

हालांकि आलोचना के साथ तेजस्वी यादव ने उम्मीद भी जताई कि नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य के विकास, शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए ठोस कदम उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को बाहरी दबावों से ऊपर उठकर बिहार के हित में काम करना चाहिए।

‘बिहारियों के स्वाभिमान’ का मुद्दा

तेजस्वी ने अपने बयान में यह भी कहा कि बिहार के स्वाभिमान को किसी बाहरी निर्देश के आगे गिरवी नहीं रखा जाना चाहिए और राज्य के समग्र विकास पर ध्यान देना जरूरी है।

सम्राट चौधरी ने ली शपथ

बुधवार को सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी राज्य के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बने हैं।

डिप्टी सीएम ने भी ली शपथ

इस मौके पर जेडीयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना कई मायनों में खास माना जा रहा है। वह उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो उपमुख्यमंत्री पद से सीधे मुख्यमंत्री बने हैं। इससे पहले 1967 में उपमुख्यमंत्री बने कर्पूरी ठाकुर ने 1977 में मुख्यमंत्री पद संभाला था।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *