शराब की अवैध तस्करी करने वाले दो युवकों को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार

लखनऊ एसटीएफ एवं कल्याणपुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को मंगलवार भोर में गिरफ्तार किया है। टीम ने तस्करों के कब्जे से 195 पेटी हरियाणा निर्मित शराब बरामद किया है। टीम इस सम्बंध में मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई कर रही है।

कल्यानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय पाण्डेय ने बताया कि पकड़े गए शराब की तस्करी करने वाले दो युवक हरियाणा के निवासी हैं। हिरासत में लिए गए युवकों से अभी पूछताछ की जा रही है। टीम गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस संबंध में थाने में लखनऊ एसटीएफ की फील्ड युनिट मुकदमा दर्ज करा रही है। हालांकि अभी कुछ नहीं बताया जा सकता है।

अवैध शराब हरियाणा से लेकर एक डीसीएम गाड़ी से बिहार की ओर तस्कर जा रहे थे। सोमवार की देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के कुछ सदस्य हरियाणा से एक डीसीएम में अवैध शराब लेकर बिहार जा रहें है। सूचना की पुष्टि करते हुए लखनऊ एसटीएफ स्थानीय पुलिस टीम का सहयोग लेते हुए तस्करों की तलाश में जुट गई।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार भोर में कन्नौज की ओर से एक संदिग्ध डीसीएम गाड़ी जाती हुई दिखाई दी तो पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया। गाड़ी चालक ने गाड़ी रोकने के बजाए भागने लगा। इस टीम में शामिल सचिन सिरोही व उनकी टीम ने घेरकर रोका और डीसीएम को कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि हरियाणा की निर्मित अवैध शराब है, कुल 195 पेटी शराब बरामद हुई है। एक पेटी में एक बोतल एक लीटर की है। अभी बरामद की गई शराब की कीमत का आकलन नहीं हो पाया है। इस संबंध में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *