ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

सपा विधायक के बेटे को पीटा, आरोपित के साथ मां, भाई व बहनों पर मुकदमा दर्ज

थाना गलशहीद क्षेत्र निवासी मुरादाबाद देहात से सपा विधायक हाजी नासिर कुरैशी के बेटे की तहरीर के आधार पर आत थाना गलशहीद पुलिस ने मारपीट के आरोप में एक ही परिवार के पांच लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। विधायक के बेटे ने रविवार रात्रि में थाना पुलिस को दी तहरीर में थाना क्षेत्र के असालतपुरा निवासी समीर, उसके भाई, उसकी दो बहनों और मां पर मारपीट का आरोप लगाया था।

मुरादाबाद देहात से विधायक हाजी नासिर कुरैशी के बेटे मोहम्मद आमिर कुरैशी ने रविवार रात्रि में थाना गलशहीद पुलिस को दी तहरीर में थाना क्षेत्र के लंगड़े की पुलिया असालतपुरा निवासी समीर पर आरोप लगाया कि वह कई दिनों से अश्लील हरकतें कर रहा है। उन्होंने और मोहल्ले के लोगों ने उसे समझाया भी लेकिन, वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पिछले कई दिनों से आरोपित समीर रंजिशन उनके कार्यालय एवं घर के बाहर अपने मोहल्ले के कई लोगों को लेकर खड़ा हो जाता है और फिर यह सब लोग अश्लील हरकत करते हैं।

बीती 30 जून व 1 जुलाई को भी आरोपितों ने यही हरकत की। बेटे मोहम्मद आमिर कुरैशी ने आरोप लगाते हुए बताया कि बीती रात्रि वह अपने कार्यालय से घर जा रहे थे तो समीर उनके घर के सामने हाथ में थैला लिए खड़ा था । उन्होंने उसे टोका और इतनी रात में घर के बाहर खड़ा होने के बारे में पूछा तो समीर ने चिल्ला कर कहा कि मैं आज तुम्हारी विधायकी निकाल दूंगा। मोहम्मद आमिर कुरैशी ने पुलिस को बताया है कि जैसे ही उन्होंने समीर को टोका, उसने शोर मचाकर अपने भाई और परिवार के लोगों को बुला लिया। फिर अपने भाई से कहा कि जल्दी बम का थैला ले आओ, आज इसका काम तमाम कर देंगे। इसके बाद समीर ने अपने भाई, दो बहनों और मां के साथ मिलकर उसे पीट दिया। थाना गलशहीद प्रभारी मोहित काजला ने बताया कि आमिर कुरैशी की तहरीर के आधार पर सभी आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया हैं।

विधायक के बेटे ने फायर करने और बम से उड़ाने की धमकी देने का भी लगाया है आरोप :

विधायक के बेटे आमिर कुरैशी ने पुलिस से बताया है कि रविवार रात्रि विवाद के दौरान समीर ने उसके ऊपर जान से मारने की नियत से फायर भी किया था। हालांकि वह भागकर अपने घर घुस गया, जिससे उसकी जान बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *