ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बनभूलपुरा में धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात, कर्फ्यू में सर्शत छूट

हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हिंसा के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। बनभूलपुरा में कर्फ्यू में ढील दी गई है। हालांकि किसी को भी क्षेत्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस और पैरा-मिलिट्री फोर्स का सख्त पहरा है।

जिलाधिकारी वंदना सिंह ने कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर लोगों को कुछ राहत देने का फैसला लिया है।जिलाधिकारी ने शांति व्यवस्था में सुधार को देखते हुए बनभूलपुरा के कर्फ्यू प्रभावित क्षेत्र में स्थित गौजाजाली, रेलवे बाजार, एफसीआई गोदाम क्षेत्र में सुबह 8 से शाम 4 बजे तक कर्फ्यू में 8 घंटे की छूट दी है, जबकि शेष बनभूलपुरा में सुबह 8 से 11 बजे तक कर्फ्यू में 3 घंटे छूट देने का आदेश जारी किया है। यह आदेश शुक्रवार (16 फरवरी) सुबह 5 बजे से अगले आदेश तक लागू रहेगा।

जिलाधिकारी के जारी आदेश के मुताबिक बनभूलपुरा में 16 फरवरी को सुबह 5 बजे से कर्फ्यू में छूट दिए जाने का आदेश लागू होगा। इसके तहत गौजाजाली, रेलवे बाजार, एफसीआई गोदाम क्षेत्र में सुबह 8 से 4 बजे तक कर्फ्यू में 8 घंटे की छूट रहेगी। शेष बनभूलपुरा में सुबह 8 से 11 बजे तक कर्फ्यू में छूट रहेगी। कर्फ्यू में छूट के दौरान क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से जुड़े प्रतिष्ठान और दुकानें खुली रहेंगी। इस दौरान आम लोग आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए दुकानों तक आ-जा सकेंगे। अनावश्यक आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। क्षेत्र के लोगों के लिए यह छूट सिर्फ कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्र में ही आवागमन पर लागू होगी। क्षेत्र के लोग कर्फ्यू वाले क्षेत्र से बाहर आ-जा नहीं सकेंगे। कर्फ्यू में छूट के तहत छात्र-छात्राएं परीक्षा देने के लिए क्षेत्र से परीक्षा केंद्र तक आ-जा सकेंगी। साथ ही क्षेत्र में निवासरत कर्मचारी भी ड्यूटी पर जा सकेंगे। क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन भी मजिस्ट्रेट के पास के बाद ही क्षेत्र में जा सकेंगे।

आदेश का उल्लंघन करने पर लोगों के खिलाफ धारा-188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों को लाउडस्पीकर से क्षेत्र में इस आदेश का प्रचार करने के आदेश दिए हैं। साथ आदेश की प्रति को कर्फ्यू वाले क्षेत्र में सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने के आदेश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *