संत कबीरनगर एवं नगर पंचायतों से आएगा चारकोल प्लांट के लिए कूड़ा
नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन (एनटीपीसी) गोरखपुर में लगने वाले कूड़े से चारकोल (हरित कोयला) बनाने के सुथनी चारकोल प्लांट को हर दिन 500 टन कूड़ा की आवश्यकता होगी। इसके लिए संत कबीर नगर और जिले की सभी नगर पंचायतों का कूड़ा इस प्लांट में लाया जाएगा।
वर्तमान में निगम क्षेत्र में हर दिन रोजाना 506 टन कूड़ा निकल रहा है। इसमें से 200 टन गीला कूड़ा बायो सीएनजी प्लांट को एवं शेष 306 टन सूखा कूड़ा चारकोल प्लांट को जाएगा। सहजनवा, मगहर, घघसरा, उनवल, बांसगांव आदि नगर पंचायतों व नगर पालिकाओं से कूड़ा मंगाया जाएगा।
50 मेगावॉट का रुफटॉप सोलर प्लांट लगेगा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को सोलर सिटी के रूप में भी स्थापित करने की अपनी मंशा प्रकट की। इस पर एनटीपीसी के अधिकारियों ने प्रस्ताव दिया कि वे सीएसआर फंड से 50 करोड़ की धनराशि से 50 मेगावॉट का रुफ टॉप सोलर प्लांट लगाएंगे। इस प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार कर लिया गया। यह सोलर प्लांट नगर निगम एवं अन्य प्रशासनिक भवनों पर टुकड़े-टुकड़े में लगाया जाएगा जिससे बिजली की बचत होगी।
महापौर ने कहा
महापौर गोरखपुर नगर निगम डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि ‘देश के दूसरे चारकोल प्लांट के लिए आज एनटीपीसी के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री आवास पर बैठक हुई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने काफी प्रसन्नता व्यक्त की। उनकी पहल पर एनटीपीसी 50 मेगावाट का सोलर प्लांट भी लगाएगा। जल्द ही गोरखपुर में कार्यक्रम आयोजित कर एमओयू एवं जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।’




