ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अयोध्या में जुटेंगे आरएसएस के प्रचार योद्धा, लेंगे प्रशिक्षण

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के प्रचार योद्धा श्रीराम की नगरी अयोध्या में 08 एवं 09 जुलाई को जुटेंगे। उन्हें प्रशिक्षित कर समाज में विमर्श निर्माण के लिए तैयार किया जायेगा। इस मौके पर आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर, द्वय अ.भा. सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर एवं आलोक कुमार भी उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि संघ अपने प्रचार योद्धाओं को क्षेत्र सह प्रशिक्षित कर रहा है। उसी क्रम में यह प्रशिक्षण पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के प्रचार विभाग से जुड़े कार्यकर्ताओं के लिए होगा। जिसमें काशी, गोरक्ष, अवध एवं कानपुर प्रान्त के सैकड़ों कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

संघ के प्रचार विभाग से जुड़े एक पदाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) समाज में विमर्श निर्माण के लिए प्रचार योद्धाओं की फौज तैयार करेगा। इसके लिए संघ प्रचार विभाग के तंत्र को निचले स्तर तक मजबूत कर रहा है। प्रचार योद्धाओं के प्रशिक्षण के लिए दो दिवसीय कार्यशाला साकेत निलयम अयोध्या में आयोजित होगा। जिसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के प्रचार विभाग से जुड़े विभिन्न आयामों के कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है।

उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आम्बेकर, सह प्रचार प्रमुख नरेन्द्र ठाकुर व आलोक कुमार प्रचार योद्धाओं को वैचारिक युद्ध जीतने का प्रशिक्षण देंगे। संघ के अखिल भारतीय अधिकारी 07 जुलाई को ही अयोध्या पहुंच जायेंगे।

शताब्दी वर्ष से पूर्व देश में हिन्दुत्व के लिए वातावरण तैयार करेगा संघ

गौरतलब है कि संघ के स्थापना का सौ वर्ष 2025 में पूरा हो रहा है। इसलिए संघ शताब्दी वर्ष से पहले देशभर में हिन्दुत्व एवं देशभक्ति का अनुकूल वातावरण तैयार करना चाहता है। इसकी शुरूआत 2024 में अयोध्या में गर्भगृह में श्रीराम लाल के दर्शन शुरू होने के बाद से हो जायेगी।

संघ सूत्रों ने बताया कि संघ प्रचार माध्यमों के सहारे सेवा व समरसता के प्रकल्पों से समाज को अवगत करायेगा। क्योंकि आजादी के बाद समाज में जिनको अनुसूचित या जनजाति कहते हैं, ऐसे क्षेत्रों में सर्वाधिक काम संघ या उससे जुड़े संगठनों ने ही किया। लेकिन इसकी जानकारी समाज को नहीं है। प्रचार विभाग के तंत्र को मजबूत कर संघ इन सारे विषयों को समाज के बीच ले जायेगा।

हिन्दुत्व विरोधी शक्तियों को जवाब देगा संघ

समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण, लव जेहाद, नक्सलवाद, आंतकवाद समेत देश विरोधी ताकतों को संघ के प्रचार योद्धा सोशल मीडिया पर परास्त करते हुए नजर आयेंगे। इसके अलावा भी अन्य चुनौतियों का सामना करने के लिए संघ अपने कार्यकर्ताओं को तैयार कर रहा है। देश में हिन्दुत्व का वातावरण है। जहां हिन्दुत्व को चुनौती मिल रही है, वहां और प्रखरता के साथ कार्यकर्ता खड़े हों, ऐसा संघ की ओर से प्रयास किया जा रहा है।

प्रचार विभाग के आयामों को धार देगा संघ

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने कार्यो के साथ-साथ प्रचार विभाग से जुड़े आयामों को भी धार देने में जुटा हुआ है। वर्तमान में प्रचार विभाग के नौ आयाम हैं। इन सभी आयामों का अलग-अलग टीमें हैं, जिनका उद्धेश्य व लक्ष्य के साथ ही स्पष्ट कार्य का विभाजन किया गया है। सभी आयाम अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े विषयों की सामग्री तैयार कर हिन्दू और हिन्दुत्व से जुड़े विषयों को मजबूती प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *