शीघ्र ही बांटे जा सकते हैं दायित्व : महेंद्र भट्ट

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट का कहना है कि प्रदेश में दायित्वधारियों की प्रतीक्षा का समापन होने वाला है। मुख्यमंत्री कभी भी दायित्ववान कार्यकर्ताओं की घोषणा कर सकते हैं।
शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए महेन्द्र भट्ट ने कहा कि 70 से ज्यादा दायित्व रिक्त हैं जिन्हें भरने के लिए भारतीय जनता पार्टी संगठन और सरकार के बीच लंबी मंत्रणा चल रही है। अब यह मुख्यमंत्री के ऊपर निर्भर करता है कि वह दायित्वों का बंटवारा कब तक करते हैं।
प्रदेश अध्यक्ष भट्ट का यह संकेत इस बात का प्रतीक है कि एक दो दिन में ही दायित्वों का बंटवारा हो सकता है। भट्ट ने बताया कि दायित्व के संदर्भ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनकी वार्ता हो सकती है। इस संदर्भ में पार्टी में भी चर्चा हो चुकी है। मुख्यमंत्री की व्यस्तता के कारण संभवत: यह बंटवारा नहीं हो पाया था। अब कभी भी दायित्ववान कार्यकर्ताओं को दायित्व मिल सकता है। उत्तराखंड कैबिनेट में भी 4 पद रिक्त हैं जिनके लिए भी चर्चा चल रही है। संभव है इन पर भी शीघ्र ही कार्यवाही हो जाए और उत्तराखंड को चार और मंत्री मिल जाए।
प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला द्वारा मुंडन कराये जाने के प्रश्न पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी महिला अपने बाल नहीं उतरवाना चाहती, लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इस बात के लिए प्रेरित किया होगा, जिसके कारण उन्होंने अपना मुंडन कराया। भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र में तमाम तरीके हैं। धरना, प्रदर्शन, घेराव तथा अन्य तरीके हैं लेकिन मातृ शक्ति अपना केश नहीं उतरवाती। यह इस बात का प्रतीक है कि कहीं न कहीं उन्हें इसके लिए प्रेरित किया गया है।
उन्होंने कहा कि न्यायालय के मामलों पर किसी को भी प्रश्न नहीं उठाना चाहिए। न्यायालय पर भरोसा करना चाहिए। अंकिता भंडारी का प्रकरण न्यायालय में है और हमारी सरकार ने इस संदर्भ में विशेष कार्रवाई की है पर कांग्रेस अविश्वास पैदा करने का कार्य कर रही है जो उचित नहीं है।
