ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

डेढ़ महीने से लापता लड़की, परिजनों ने महिला आयोग की अध्यक्ष से लगाई गुहार

ऋषिकेश में बीते 7 अगस्त से लापता एक नाबालिक लड़की के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल से मुलाकात कर गुहार लगाई है। परिजनों ने महिला आयोग अध्यक्ष से बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई। महिला आयोग अध्यक्ष ने सीओ सिटी संदीप नेगी व कोतवाल ऋषिकेश को फोन कर इस मामले में तुरंत जानकारी मांगी। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मामले की जानकारी दी।

शिवाजी नगर निवासी राम श्रवण ने बताया कि उनकी नाबालिक बेटी 7 अगस्त को लापता हो गई थी। उन्हें शक है कि उनके ही पड़ोस में रहने वाले कुछ युवक उनकी बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गए हैं। उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन डेढ़ महीना बीत जाने के पश्चात भी उनकी बेटी का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। लड़की के पिता का यह भी कहना है कि उन्होंने जिन युवकों पर आरोप लगाया है उनके बारे में पता और फोन नंबर भी उनके द्वारा पुलिस को दे दिया गया है लेकिन पुलिस इस पर भी अभी तक सही तरीके से कार्य नहीं कर रही है। ऐसे में उन्होंने उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल से बच्ची के सकुशल बरामदगी के लिए गुहार लगाई है।

इधर, सीओ सिटी संदीप नेगी व पुलिस उप निरीक्षक दर्शन काला ने महिला आयोग अध्यक्ष को बताया है कि लड़की की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही लड़की को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

महिला आयोग अध्यक्ष ने पीड़ित परिजनों को आश्वासन देते हुए कहा कि वह लगातार इस मामले पर नजर रखेंगी। पुलिस के संपर्क में रहकर इस मामले में अपडेट लेती रहूंगी। जल्द ही लड़की को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *