ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तानी सेना का अभियान, तीन जिलों में नौ आतंकी मार गिराए

पाकिस्तानी सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के तीन जिलों में अलग-अलग खुफिया आधारित अभियान चलाकर नौ आतंकवादियों को मार गिराया है। इस दौरान आतंकियों के मददगारों सहित पांच अन्य को गिरफ्तार भी किया गया है।

पाकिस्तानी सेना की सूचना इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने कहा कि बन्नू जिले के जानी खेल में सेना के जवानों और आतंकवादियों के बीच जोरदार गोलीबारी हुई। इस दौरान छह आतंकवादी मार गिराए गए और पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से कुछ आतंकवादियों के मददगार भी बताए जाते हैं। आईसीपीआर के मुताबिक ये आतंकवादी सुरक्षा बलों के खिलाफ कई गतिविधियों में शामिल थे, जिसमें 31 अगस्त को जानी खेल में एक सैन्य काफिले पर मोटरसाइकिल से आत्मघाती हमला भी शामिल था, जिसमें नौ सैनिकों की मौत हुई थी।

इसी तरह, उत्तरी वजीरिस्तान जिले के दत्ता खेल में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया। अभी इस क्षेत्र में और आतंकियों के छिपे होने की आशंका से पड़ताल की जा रही है। डेरा इस्माइल खान जिले की कलाची तहसील के माडी इलाके में सुरक्षा बलों, आतंकवाद निरोधक विभाग और डेरा पुलिस ने एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अज्ञात आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की, जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी मारा गया। दोनों ओर से काफी देर तक चली गोलीबारी रुकने के बाद इलाके की तलाशी में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के गंडापुर समूह के स्थानीय कमांडर इकरामुल्ला सुकना कलाची का शव मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *