• May 16, 2026

पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारत को राहत, होर्मुज स्ट्रेट पार कर LPG से भरे दो जहाज पहुंचे सुरक्षित

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और पेट्रोल-डीजल व सीएनजी की बढ़ती कीमतों के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले 24 घंटों में रसोई गैस (LPG) से भरे दो बड़े जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत की ओर रवाना हुए हैं। इन दोनों जहाजों में कुल 66,392 मीट्रिक टन LPG लदी हुई है।

‘सिमी’ जहाज सुरक्षित पहुंचा कांडला

रिपोर्ट के मुताबिक, LPG कैरियर ‘सिमी’ बुधवार को होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका था। इस जहाज में 21 क्रू मेंबर्स सवार हैं। मार्शल द्वीप के ध्वज वाला यह पोत कतर के रास लफान टर्मिनल से 19,965 टन LPG लेकर निकला था और इसके गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल बंदरगाह पहुंचने की पुष्टि हुई है।

‘एनवी सनशाइन’ भी भारत के लिए रवाना

दूसरा जहाज ‘एनवी सनशाइन’ गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर गया। वियतनाम ध्वज वाला यह पोत यूएई की रुवैस रिफाइनरी से 46,427 टन LPG लेकर भारत के लिए निकला है। इसके 18 मई तक कर्नाटक के न्यू मंगलुरु पोर्ट पहुंचने की संभावना है।

मंत्रालय ने दी जानकारी

बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि ‘सिमी’ ने 13 मई को जबकि ‘एनवी सनशाइन’ ने 14 मई को होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित रूप से पार किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तनाव के बावजूद भारतीय जहाजों की आवाजाही जारी है। मार्च की शुरुआत से अब तक 12 LPG टैंकर और एक कच्चा तेल टैंकर सहित कुल 13 भारतीय जहाज इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजर चुके हैं।

तनाव के कारण प्रभावित है समुद्री व्यापार

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही पर पड़ रहा है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

सूत्रों के मुताबिक, अभी भी खाड़ी क्षेत्र में करीब 12 भारतीय पोत फंसे हुए हैं। इसके अलावा भारत के लिए माल लेकर आ रहे कई विदेशी जहाजों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।

IOC का है पूरा माल

दोनों जहाजों में लदी LPG इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के लिए भेजी जा रही है। ऐसे समय में जब देश में ईंधन कीमतों को लेकर चिंता बढ़ रही है, इन जहाजों का सुरक्षित पहुंचना सप्लाई व्यवस्था के लिहाज से बड़ी राहत माना जा रहा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *