ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

ईदगाह- मस्जिदों में मेले जैसी रौनक, अमन-चैन के लिए उठा हर हाथ

प्रदेश में आज ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। भाईचारे और एकता की मिसाल पेश करने वाले इस त्योहार को देशभर के मुसलमान पूरे उत्साह और खुशी के साथ मना रहे हैं। ईद के मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों में लोग मस्जिद में जाकर नमाज अदा कर रहे हैं।

जयपुर समेत प्रदेशभर में गुरुवार को ईद-उल-फितर का पर्व अकीदत के साथ मनाया जा रहा है। घर-घर में ईद की रौनक देखते ही बन रही है। जयपुर में दिल्ली रोड स्थित ईदगाह में लाखों की तादाद में मौजूद नमाजियों ने खुदा की बारगाह में सजदा किया और ईद की विशेष नमाज सामूहिक तौर पर अदा की। इसके अलावा जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद, चार दरवाजा स्थित दरगाह मौलाना जियाउद्दीन साहब, संसारचंद्र रोड स्थित दरगाह सैय्यद मीर क़ुर्बान अली, शास्त्रीनगर स्थित दरगाह दाता अमानीशाह, मोती डूंगरी रोड स्थित मोहम्मद दुर्वेश साहब की दरगाह सहित छोटी बड़ी मस्जिदों में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई।

नमाज के बाद मुल्क में अमन-ओ-अमान के साथ प्रदेश में अच्छी बारिश और शहर में सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने की दुआ मांगी गई। नमाज से पहले ही लोगों का ईदगाह पर पहुंचना शुरू हो गया था। नमाज के बाद लोग अपने घरों को पहुंचे। यहां छोटे बच्चों को ईदी के रूप में पैसे और गिफ्ट दिए गए। इसके बाद घर-घर में ईदी लेने और देने का सिलसिला शुरू हुआ। खासतौर पर बच्चों में पर्व का उत्साह देखते ही बना, नए परिधानों में सजे मुस्लिम भाइयों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। वहीं सोशल नेटवर्क पर पर्व की बधाई देने का दौर शुरू हुआ। साथ ही मीठी सेवइयां और पकवान का भी जायका लिया गया।

ईद पर मस्जिदों के बाहर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा। शहर के मुख्य चौराहों पर भी पुलिस जाप्ता लगाया गया। ईदगाह में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही, साथ ही ड्रोन से भी नजर बनाए रखी गई। ईद-उल-फितर पर परकोटे का मंजर मेले से कम नहीं रहा। मस्जिदों व ईदगाह के इर्द-गिर्द मेले जैसा मंजर नजर आया। इसका लुत्फ बच्चों ने भरपूर उठाया। नए परिधानों में सज-धज कर निकले बच्चों ने गुब्बारों और अपने पसंदीदा खिलौनों की खरीददारी की, वहीं जगह-जगह नमाजियों को शर्बत और पानी पिलाकर सवाब कमाया गया। इससे पूर्व बुधवार देर रात्रि बाजारों में ईद की खरीदारी हुई। लोगों ने खानपान से लेकर कुर्ता पायजामा और अन्य सामान की खरीदारी की।

इस मौके पर राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी ईद-उल-फितर के अवसर पर देश-प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। जयपुर में ईदगाह, अजमेर में दरगाह का जन्नती दरवाजा खोला गया। कोटा और बाड़मेर समेत पूरे राजस्थान में ईद की सुबह नमाज पढ़ी गई। जयपुर में ईदगाह में ईद की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। खुदा के सजदे में हजारों सिर झुके। हर ओर उल्लासपूर्ण वातावरण में पूरे भाईचारे के साथ ईद का त्योहार मनाया गया। हर हाथ अमन-चैन के लिए उठा, दुआएं मांगी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *