ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

चक्रवात के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में शुरू हुई बारिश

बंगाल की खाड़ी में बने भीषण चक्रवाती तूफान रेमल के प्रभाव से राज्य के तटीय क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई है। रविवार शाम 3:30 के बाद पश्चिम बंगाल के पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा कोलकाता में बारिश की शुरुआत हुई है।

मौसम विभाग ने बताया है कि पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना में बारिश के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल रही हैं। रेमल चक्रवाती तूफान पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है जिसके आधी रात को लैंडफॉल की संभावना है। उस समय तूफान की गति 135 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है जिसकी वजह से भारी जान माल के नुकसान की आशंका है। राहत और बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ की 12 टुकड़ियां पहले ही बंगाल आ चुकी हैं जो पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना के अलावा हावड़ा, हुगली और कोलकाता में तैनात की गई हैं। राज्य आपदा मोचन बल ने भी मोर्चा संभाला है और तटीय क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है। कोलकाता पुलिस ने भी कंट्रोल रूम की शुरुआत की है और राज्य सचिवालय में भी कंट्रोल रूम शुरू किए गए हैं। दूसरी ओर चक्रवात से निपटने के लिए भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल और वायु सेना ने भी तैयारियां की है। नेवी ने राहत और बचाव के लिए सामग्री भी लाकर कोलकाता में एकत्रित की है ताकि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *