• June 28, 2026

पुणे केतन हत्याकांड: मंगेतर सिया के व्यवहार से गहराया शक, FIR में सामने आए कई अहम खुलासे

पुणे: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस हिरासत में मौजूद केतन की मंगेतर सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान सामने आई जानकारी और एफआईआर में दर्ज तथ्यों से इस मामले की कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आई हैं। जांच के अनुसार, केतन की मौत के बाद सिया गोयल ने उसके परिवार को फोन कर बताया कि वह लोहागढ़ किले की खाई में गिर गया है। उसने फोन पर रोते हुए घटना को दुर्घटना बताया और कहा कि स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से केतन को अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, इस दौरान सिया के व्यवहार ने परिवार के मन में कई सवाल खड़े कर दिए। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद भी सिया का फोन लगातार व्यस्त (बिजी) आ रहा था, जिससे उन्हें संदेह हुआ। इसके अलावा बातचीत के दौरान सिया कई बार चेतन का नाम ले रही थी, जिसके बाद परिवार को दोनों के बीच करीबी संबंध होने का शक हुआ।

बहन के सवालों पर नहीं दे सकी स्पष्ट जवाब

एफआईआर के मुताबिक, जब केतन की बहन ने घटना को लेकर सिया से विस्तार से जानकारी मांगी, तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। उसके जवाबों में लगातार विरोधाभास दिखाई दिया। पहले से मौजूद संदेह और इन गोलमोल जवाबों के बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जांच की मांग की।

जन्मदिन मनाने के बहाने बुलाया था लोहागढ़ किला

एफआईआर के अनुसार, सिया गोयल ने 17 जून को केतन से संपर्क किया और व्हाट्सएप पर बातचीत के दौरान अपने जन्मदिन के मौके पर लोहागढ़ किला चलने का आग्रह किया। उसने केतन को मनाने के लिए उसकी मां राखी अग्रवाल से भी बात की थी। इसके बाद 18 जून की सुबह केतन घर से निकला और रास्ते में किवाले ब्रिज से सिया को अपनी कार में बैठाकर पुणे-मुंबई हाईवे के रास्ते लोहागढ़ किले पहुंचा।

घटना स्थल पर भी उठे सवाल

केतन की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार के साथ उसके दोस्त नवदीप जिंदल और तरुण मित्तल भी लोहागढ़ किले पहुंचे। परिजनों और दोस्तों का कहना है कि जिस स्थान से केतन के गिरने की बात कही गई, वहां सामान्य परिस्थितियों में किसी व्यक्ति का अचानक खाई में गिर जाना आसान नहीं लगता। इसी कारण शुरुआत से ही उन्हें दुर्घटना की कहानी पर संदेह था। फिलहाल पुलिस मामले की सभी परिस्थितियों, आरोपियों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *