• March 7, 2026

प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल भारत के इतिहास के लिए हैं बेमिसाल : योगी आदित्यनाथ

 प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल भारत के इतिहास के लिए हैं बेमिसाल : योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को यहां एक हजार 212 करोड़ की दो हजार 339 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने अपनी सरकार के साथ ही केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में पूरे देश की तस्वीर बदलने और देशवासियों के मन में विश्वास जगाने का कार्य हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल भारत के इतिहास के लिए बेमिसाल हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल के लिए आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व के लिए धन्यवाद। पिछले नौ वर्षों में पूरे देश की तस्वीर बदलने और देशवासियों के मन में विश्वास जगाने का कार्य हुआ है। भारत की आंतरिक, बाह्य सुरक्षा हो या इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण या गरीब कल्याण की योजनाओं को आमजनमानस तक पहुंचाने का कार्य, बहुत ईमानदारी से हुआ है।

उन्होंने कहा कि आज यहां 1212 करोड़ की परियोजनाओं के लिए पूरे जनपद वासियों को बधाई। आज भारत बदल चुका है। दुनिया की राय बदल चुकी है। दुनिया संकट के समय भारत की ओर देखती है। प्रधानमंत्री संकटमोचक की भूमिका में होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत दुश्मन की मांद में घुसकर एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक करके जवाब देने का मद्दा रखता है। आज से नौ वर्ष पहले नक्सलवाद, आतंकवाद, उग्रवाद का बोलबाला था। आज इनका सफाया हो चुका है।

कश्मीर से धारा 370 खत्म करने की कोई सोच नहीं सकता था। प्रधानमंत्री मोदी ने उस सपने को साकार किया। पांच अगस्त 2019 को उस कानून को कूड़े के ढेर में फेंक दिया गया। आज पाक अधिकृत कश्मीर में भी यह मांग होती है कि हमको दरिद्र पाकिस्तान के साथ नहीं रहना है।

उन्होंने कहा कि आज भारत ब्रिटेन को पछाड़कर विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। भारत आज जी- 20 समूह देशों का नेतृत्व कर रहा है। कोरोना संकट में भारत ही ऐसा देश है, जिसने फ्री में वैक्सीन, फ्री में 80 करोड़ आमजनमानस को राशन दिया। आज वही पाकिस्तान एक-एक किलो आटा और चावल के लिए छिना झपटी कर रहा है।

आज काशी विश्वनाथ धाम का स्वरूप बदल चुका है। भव्य धाम बन चुका है। अब अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन रहा है। याद रखियेगा अयोध्या का विकास हो रहा है। इसका सीधा लाभ अम्बेडकरनगर को भी मिलेगा। अयोध्या कॉरिडोर से अम्बेडकरनगर सर्वाधिक लाभान्वित होगा। यही विरासत का सम्मान है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हर गरीब के घर शौचालय, जनधन अकाउंट, सबकुछ दिया गया। आज सरकारी योजना का पैसा बीच से कोई नहीं खा सकता। सीधा गरीब के खाते में जाता है। दलाल गायब हो गये। कांग्रेस के दौर में यही बीच का 85 पैसे खा जाते थे। आज कोई राहजनी लूटपाट नहीं कर सकता। बहन-बेटियों की इज्जत से कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। सबका विकास सबका प्रयास को लेकर हम बड़ी-बड़ी परियोजनाओं को बना रहे हैं। तुष्टिकरण किसी का नहीं, विकास सबका, इस भाव से हमारी सरकार काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नौ साल भारत के इतिहास के लिए बेमिसाल हैं। इस मौके पर केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर भी उपस्थित रहे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *