’10 हजार युवाओं को दिलाएंगे नौकरी’, बांकीपुर में प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान; पेंशन, राशन और स्कूलों पर भी किए कई वादे
जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और रोजगार, शिक्षा, पेंशन तथा राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए।
10 हजार युवाओं को नौकरी दिलाने का दावा
आभार सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि क्षेत्र के पढ़े-लिखे युवा अपना बायोडाटा उनके कार्यालय में जमा करें। उन्होंने दावा किया कि वे कम से कम 10 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने की व्यवस्था करेंगे।
उन्होंने कहा, “अगर किसी विधानसभा क्षेत्र के सबसे अधिक युवाओं को नौकरी मिलेगी, तो वह बांकीपुर होगा। देशभर में जिन संस्थानों और लोगों से हमारा संपर्क है, उनसे हमने बिहार के युवाओं को रोजगार देने की अपील की है।”
उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि बिहार में जन सुराज की सरकार बनती है तो युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा।
‘तीन महीने में दिखेगा बदलाव’
प्रशांत किशोर ने लोगों से तीन महीने का समय मांगते हुए कहा कि इस अवधि में राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राशन कार्ड बनवाने के लिए किसी को रिश्वत नहीं देनी पड़ेगी और पात्र लाभार्थियों को पूरा राशन मिलेगा। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे लोगों को, जिन्हें ₹1100 की पेंशन नहीं मिल रही है, आवेदन देने को कहा और भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
सरकारी स्कूलों को लेकर बड़ा वादा
शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि एक वर्ष के भीतर सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि तय समय में सरकारी विद्यालयों की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो बच्चों के निजी स्कूल में पढ़ने की फीस की जिम्मेदारी वह स्वयं उठाएंगे।
सम्राट चौधरी पर साधा निशाना
अपने संबोधन में प्रशांत किशोर ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव के बाद राज्य की राजनीति का मुद्दा बदल गया है और अब पढ़ाई एवं रोजगार पर चर्चा हो रही है।
उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से राजनीतिक माहौल बदल रहा है और आने वाले समय में नेतृत्व परिवर्तन भी तय है।
छात्र आंदोलन और पेपर लीक पर क्या बोले?
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने पेपर लीक और छात्रों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि छात्र शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से परेशान हैं, इसलिए उनका सड़क पर उतरना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत है।
श्रद्धांजलि सभा से शुरू हुआ दौरा
प्रशांत किशोर के कार्यक्रम की शुरुआत दशरथा स्थित शहीद राम गोविंद सिंह बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा से हुई। इसके बाद उन्होंने यारपुर राजपूताना, जक्कनपुर और वार्ड संख्या 40 समेत विभिन्न इलाकों में आयोजित आभार सभाओं में भाग लिया।
दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया।