• March 18, 2026

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी CM योगी भी होंगे शामिल

 खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी CM योगी भी होंगे शामिल

उत्तर प्रदेश अपने अब तक के सबसे बड़े खेल आयोजन की मेजबानी करने को तैयार है। गुरुवार को लखनऊ की बीबीडी यूनिवर्सिटी में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 (केआईयूजी) का विधिवत शुभारंभ होगा। पीएम नरेंद्र मोदी वर्चुअली केआईयूजी का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे। लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ इस ऐतिहासिक अवसर पर खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। अपर मुख्य सचिव खेल एवं युवा कल्याण डा. नवनीत सहगल ने बताया कि 10 दिन तक चलने वाले इस आयोजन में 4000 से अधिक एथलीट 21 खेलों में 200 से अधिक यूनिवर्सिटीज को रिप्रजेंट करेंगे। तीन जून को इसका समापन बीएचयू वाराणसी में होगा। युवा खिलाड़ियों की संख्या के आधार पर यह प्रदेश का सबसे बड़ा आयोजन साबित होने वाला है। इस वजह से इसे खेलों का महाकुंभ कहा जा रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक समेत प्रदेश के तमाम मंत्री और अधिकारी मौजूद रहेंगे। शुभारंभ समारोह में मशहूर गायक कैलाश खेर प्रस्तुति भी देंगे। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (केआईयूजी) 2022 उत्तर प्रदेश के चार शहरों (लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और गौतमबुद्धनगर) में आयोजित किया जाएगा। राजधानी लखनऊ के अलावा, शूटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन नई दिल्ली में भी किया जाएगा। लखनऊ 8 स्थानों पर 12 खेलों (तीरंदाजी, जूडो, मल्लखंब, वॉलीबॉल, तलवारबाजी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, रग्बी, एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल की मेजबानी करेगा। गौतमबुद्धनगर (नोएडा) तीन स्थानों में पांच खेलों (बास्केटबॉल, कबड्डी, मुक्केबाजी, तैराकी और भारोत्तोलन) की मेजबानी करेगा। वाराणसी आईआईटी-बीएचयू, दो खेलों (कुश्ती और योगासन) की मेजबानी करेगा। गोरखपुर और दिल्ली क्रमशः रोइंग और शूटिंग इवेंट का आयोजन करेंगे। रोइंग को पहली बार इन गेम्स में शामिल किया गया है।5 मई को लखनऊ से रवाना की गई खेलों की मशाल प्रदेश के 75 जिलो से होते हुए 8948 किमी का सफर तय कर बुधवार को वापस लखनऊ पहुंची। गुरुवार को ये मशाल बीबीडी यूनिवर्सिटी पहुंचेगी। लखनऊ से चार मशालें रवाना की गई थीं, जिसके साथ इन खेलों का शुभंकर जीतू भी था। चारों मशालों ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों को कवर किया और सभी जगह खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने इसका भव्य स्वागत किया। इस दौरान साढ़े पांच लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 में भाग लेने वाले विभिन्न विश्वविद्यालय के प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

डॉ.नवनीत सहगल ने बताया कि इन खेलों का उद्घाटन समारोह इतना भव्य होगा कि पूरी दुनिया की निगाहें अवध पर टिकी होंगी। यूपी में खेलों का माहौल अब पूरी तरह से बदल गया है। खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा आगे रहने वाली योगी सरकार खेलो  इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2022 के सहारे विश्व खेल पटल पर छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इन खेलों के आयोजन से यूपी का खेल ढाचा और मजबूत होगा। प्रतिभागी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *