पाकिस्तान से आयी सीमा को नहीं मिलनी चाहिए भारत की नागरिकता: साध्वी प्राची

कट्टर हिन्दूवादी नेता साध्वी ने शनिवार को पाकिस्तान से भारत आयी सीमा हैदर पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उसे भारत की नागरिकता नहीं मिलनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विदेशी फंडिंग से लव जिहाद फैलाया जा रहा है। हिन्दू समाज जागे और अपनी बहन-बेटियों को हिन्दू संस्कृति के संस्कार दे।

हिन्दू नेता साध्वी प्राची ने शनिवार को भाजपा नेता राकेश गंगवार और विधायक विवेक वर्मा के आवास पर पत्रकारों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि पाकिस्तान से आयी सीमा हैदर और उसके चारों बच्चों का डीएनए टेस्ट होना चाहिए। सीमा के दिमाग की भी जांच हो, जिससे पता चले कि वह किस मकसद से भारत आयी है। सीमा को भारत की नागरिकता नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मीडिया को सीमा की खबरें नहीं दिखानी चाहिए। इसकी वजह से हमारी बहन-बेटियों पर गलत प्रभाव पडे़गा।

इसके आगे लव जिहाद की बढ़ती घटनाओं पर उन्होंने मस्जिदों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि यहां से ट्रेनिंग लेने के बाद इसे फैलाया जा रहा है, बाकायदा इसके लिए विदेश से फंडिंग की जा रही है। उनकी मांग है कि स्कूल कॉलेजों में धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ कट्टर हिंदूवादी विचार की शिक्षा भी दी जाए। महिलाएं अपने बेटी को हिंदू संस्कृति के संस्कार दें। उन्होंने हिन्दू समाज को लव जिहाद के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आवाहन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *